महाराष्ट्र के हिंगोली में ट्रांसफार्मर का तार ठीक करते समय किसान की करंट लगने से मौत

महाराष्ट्र के हिंगोली में ट्रांसफार्मर का तार ठीक करते समय किसान की करंट लगने से मौत

महाराष्ट्र के हिंगोली में ट्रांसफार्मर का तार ठीक करते समय किसान की करंट लगने से मौत
Modified Date: September 20, 2026 / 02:18 pm IST
Published Date: September 20, 2026 2:18 pm IST

हिंगोली (महाराष्ट्र), 20 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में रविवार सुबह एक ट्रांसफार्मर पर टूटे हुए बिजली के तारों को जोड़ने के प्रयास में 33 वर्षीय एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना सेनगांव तहसील के पार्डी पोहकर गांव में सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई। हादसे के बाद पीड़ित का शव सुबह करीब 10 बज कर 30 मिनट तक ट्रांसफार्मर पर ही लटका रहा, जिससे मौके पर एकत्र हुए किसानों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक की पहचान महादेव पोहकर के रूप में हुई है, जो सूखे के मौजूदा हालात के बीच अपने आठ एकड़ के खेत में फसलों की सिंचाई करने गए थे। वहां बिजली से चलने वाला पंप चालू नहीं होने पर उन्होंने ट्रांसफार्मर की जांच की, जहां उन्हें एक तार टूटा हुआ मिला।

इसके बाद उन्होंने स्पष्ट तौर पर पुसेगांव स्थित बिजली उपकेंद्र से संपर्क कर अनुरोध किया था कि मरम्मत का काम पूरा होने तक पार्डी पोहकर गांव की बिजली आपूर्ति काट दी जाए।

बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद किसान ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया और तारों को जोड़ने लगा। जब वह एक तार जोड़ रहा था तभी अचानक बिजली आपूर्ति बहाल हो गई।

पुलिस के अनुसार, इससे किसान को बिजली का जोरदार झटका लगा और वह ट्रांसफार्मर से चिपक गया। करंट की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के चश्मदीद अन्य किसानों ने पुसेगांव स्थित बिजली कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उनका दावा है कि उन सभी के मोबाइल फोन बंद थे।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में