पुणे, छह जून (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता सुप्रिया सुले ने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा द्वारा अगली सरकार बनाये जाने की तैयारियों के बीच ‘इंडिया गठबंधन’ ने ‘प्रतीक्षा करो और देखो’ की नीति पर चलने फैसला किया है किंतु उम्मीद हमेशा बनी रहेगी क्योंकि नयी लोकसभा में विपक्षी गठबंधन का संख्या बल ‘उत्साहजनक’ है।
सुले ने अपनी भाभी को हराकर चौथी बार बारामती लोकसभा सीट जीत के बाद पहली बार पुणे पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।
जब उनसे विपक्षी गठबंधन के सरकार बनाने की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘हम हमेशा आशान्वित हैं और आंकड़े बहुत उत्साहजनक है।’
इससे पहले मार्केट यार्ड इलाके में अपने कार्यालय में सुले ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ने ‘प्रतीक्षा करो और देखो’ की नीति पर चलने का फैसला किया है क्योंकि उसके पास ‘जादुई आंकड़ा’ (लोकसभा में बहुमत साबित करने के लिए) नहीं है। सुले ने बुधवार को दिल्ली में ‘इंडिया गठबंधन’ की बैठक में भाग लिया था।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने नियमों के अनुसार सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है, लेकिन ‘इंडिया गठबंधन’ भी ‘तैयार’ है।
सुप्रिया सुले ने कहा कि मतदाताओं ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी केंद्रीय एजेंसियों के ‘दमन’ को खारिज कर दिया है।
उन्होंने कहा, ‘इस चुनाव में राज्य के मतदाताओं ने ‘आईसीई’ (आयकर, सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय) और उनके दमन को नकार दिया है और यही महाराष्ट्र की असली ताकत है।’
सुले ने कहा कि मतदाताओं ने महंगाई और बेरोजगारी को नकार दिया और इस बात पर जोर दिया कि देश संविधान के ढांचे के भीतर चलेगा।
चौथी बार सांसद बनीं सुले ने कहा, ‘मैं इस जीत के लिए अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और महाविकास अघाड़ी के घटकों की आभारी हूं। यह जीत उनकी सामूहिक सफलता है।’
सुले ने अपनी बारामती लोकसभा सीट को 1.55 लाख से अधिक मतों के अंतर से बरकरार रखा है और उप मुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को इस प्रतिष्ठित सीट से हरा दिया ।
उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
सुले ने कहा कि हाल के दिनों में महाराष्ट्र में बहुत ‘तू-तू, मैं-मैं’ हुई है और सभी को राज्य की सभ्य राजनीति की परंपरा का पालन करना चाहिए।
यह पूछे जाने पर कि क्या सुनेत्रा पवार ने उन्हें बधाई देने के लिए फोन किया, सुले ने कहा कि सुनेत्रा उनकी बड़ी भाभी हैं। उन्होंने कहा, ‘मेरे मन में उनके लिए हमेशा प्यार और सम्मान है।’
भाषा
शुभम माधव
माधव