फिल्म कर्मचारी संघ ने ‘डॉन 3’ से रणवीर के बाहर निकलने के विरोध में असहयोग का निर्देश जारी किया

Ads

फिल्म कर्मचारी संघ ने 'डॉन 3' से रणवीर के बाहर निकलने के विरोध में असहयोग का निर्देश जारी किया

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 09:38 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 09:38 PM IST

मुंबई, 25 मई (भाषा) फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने सोमवार को कहा कि उसके चार लाख से अधिक सदस्य रणवीर सिंह के साथ काम नहीं करेंगे, क्योंकि उन्होंने फरहान अख्तर की फिल्म “डॉन 3” से आखिरी समय में किनारा कर लिया था, जिसका निर्माण तीन साल से चल रहा था।

अख्तर और उनके साथी रितेश सिधवानी ने सिंह के खिलाफ इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (आईएफटीडीए) के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी, जिसने मामले को आगे की कार्रवाई के लिए एफडब्ल्यूआईसीई को भेज दिया था।

‘डॉन 3’ की शूटिंग अभी शुरू नहीं हुई थी। निर्माताओं का दावा है कि प्री-प्रोडक्शन चरण में पहले ही 45 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं।

एफडब्ल्यूआईसीई के मानद महासचिव अशोक दुबे ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “आज के बाद हम रणवीर सिंह के साथ काम नहीं करेंगे, चाहे वो कैमरामैन हो, स्पॉट बॉय हो, लाइटमैन हो या हमारी तरफ से कोई और। यह असहयोग तब तक जारी रहेगा जब तक विवाद का समाधान नहीं हो जाता। एक कलाकार लोगों की वजह से, हमारे साथ काम करने वाले सदस्यों, तकनीशियनों और फिल्म देखने वालों की वजह से कलाकार बनता है। आप उस फिल्म को यूं ही नहीं छोड़ सकते जिस पर कई लोगों ने तीन साल तक मेहनत की हो।”

उन्होंने आगे कहा, “हमने आपको एक पत्र लिखा था लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, इसलिए एफडब्ल्यूआईसीई का कोई भी सदस्य आपके साथ काम नहीं करेगा।”

भाषा प्रशांत माधव

माधव