कल्याण में चिकित्सक से मारपीट: शिवसेना पार्षद म्हात्रे, उनके तीन सहयोगी न्यायिक हिरासत में भेजे गए

Ads

कल्याण में चिकित्सक से मारपीट: शिवसेना पार्षद म्हात्रे, उनके तीन सहयोगी न्यायिक हिरासत में भेजे गए

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 06:31 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 06:31 PM IST

ठाणे, 13 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक अदालत ने सोमवार को शिवसेना के पार्षद रमेश म्हात्रे और उनके तीन सहयोगियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

कुछ दिन पहले, कल्याण महानगरपालिका द्वारा संचालित अस्पताल में चिकित्सकों और चिकित्साकर्मियों पर कथित रूप से हमला करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया था।

अदालत परिसर में भारी भीड़ होने के कारण कल्याण के स्थानीय मजिस्ट्रेट ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सुनवाई की।

आरोपियों के वकील ने तुरंत जमानत याचिका दायर की, जिस पर अदालत अगली तारीख पर सुनवाई करेगी।

म्हात्रे और उनके सहयोगियों को 6 जुलाई की रात डोंबिवली स्थित एक अस्पताल में चिकित्सकों और नर्सों के साथ कथित तौर पर मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

कल्याण महानगरपालिका द्वारा संचालित अस्पताल में सोमवार शाम हुई घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच आक्रोश फैल गया। आरोप है कि एक परिवार को नवजात शिशु को किसी अन्य अस्पताल में ले जाने की सलाह दिए जाने के बाद म्हात्रे और उनके सहयोगियों ने दो चिकित्सकों तथा अन्य चिकित्साकर्मियों के साथ मारपीट की।

लोगों के बीच आक्रोश फैलने और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के दबाव के बाद, मंगलवार रात म्हात्रे और पांच अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

इस बीच, कल्याण अदालत बार एसोसिएशन के सदस्यों ने सोमवार को स्थानीय पुलिस के विरोध में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया।

वकीलों ने आरोप लगाया कि 10 जुलाई को इसी मामले से जुड़ी सुनवाई के दौरान पुलिस ने उन्हें अदालत कक्ष से बाहर निकाल दिया और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत आपराधिक मामले दर्ज करने की धमकी दी गई।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप