ठाणे स्थित इमारत में आग लगने से बिजली के 40 मीटर खाक

ठाणे स्थित इमारत में आग लगने से बिजली के 40 मीटर खाक

ठाणे स्थित इमारत में आग लगने से बिजली के 40 मीटर खाक
Modified Date: May 11, 2026 / 09:37 am IST
Published Date: May 11, 2026 9:37 am IST

ठाणे, 11 मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में सोमवार को एक आवासीय इमारत के बिजली मीटर कक्ष में आग लग गई, जिससे 40 मीटर जलकर खाक हो गए। महानगरपालिका के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ठाणे के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि चराई क्षेत्र स्थित सात मंजिला ‘आनंद विल्हा’ नाम की इमारत के भूतल पर सुबह चार बजकर आठ मिनट पर आग लग गई, हालांकि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ।

आग लगने के बाद 40 फ्लैट के निवासी जान बचाने के लिए बाहर निकल आए।

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकलकर्मी और आरडीएमसी कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘आग की इस घटना में बिजली के कुल 40 मीटर जलकर खाक हो गए।’’

उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग को आवासीय इमारत की ऊपरी मंजिलों तक फैलने से रोक दिया और सुबह चार बजकर 40 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि बिजली के तारों में ‘शॉर्ट सर्किट’ होने से आग लगने की आशंका है, लेकिन इसके सटीक कारण पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

आग बुझाए जाने के दौरान एहतियात के तौर पर भवन की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से काट दी गई थी।

भाषा यासिर वैभव

वैभव


लेखक के बारे में