मुंबई के आरे कॉलोनी क्षेत्र में 80 एकड़ भूमि पर लगाए जाएंगे पांच लाख पौधे : आशीष शेलार

मुंबई के आरे कॉलोनी क्षेत्र में 80 एकड़ भूमि पर लगाए जाएंगे पांच लाख पौधे : आशीष शेलार

मुंबई के आरे कॉलोनी क्षेत्र में 80 एकड़ भूमि पर लगाए जाएंगे पांच लाख पौधे : आशीष शेलार
Modified Date: June 5, 2026 / 10:24 pm IST
Published Date: June 5, 2026 10:24 pm IST

मुंबई, पांच जून (भाषा) महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आशीष शेलार ने शुक्रवार को राज्य सरकार के एक अभियान के तहत मुंबई के आरे कॉलोनी क्षेत्र में 80 एकड़ भूमि पर पांच लाख पौधे लगाने की योजना की घोषणा की।

‘ग्रीन महाराष्ट्र 300 करोड़ वृक्षारोपण’ अभियान की शुरुआत शुक्रवार को मनाए जा रहे विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की गयी और यह राज्य भर में चलाई जा रही एक व्यापक वृक्षारोपण पहल का हिस्सा है।

मुंबई उपनगरीय जिले के प्रभारी मंत्री शेलार ने कहा, ‘‘आरे कॉलोनी क्षेत्र को कागजों पर वन क्षेत्र के रूप में मान्यता प्राप्त है। अब हम यहां एक घना और समृद्ध वन विकसित करना चाहते हैं, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करे।’’

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, आरे कैंप, मेट्रो कार शेड क्षेत्र, मेट्रो भवन परिसर, राष्ट्रीय डेरी विकास बोर्ड की भूमि, महानंद डेरी, फोर्स वन, राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) परिसर तथा अन्य सरकारी संपत्तियों में चिन्हित लगभग 80 एकड़ खाली भूमि को वनीकरण के दायरे में लाया जाएगा।

बयान में कहा गया है कि विभिन्न विभागों द्वारा किए गए निरीक्षण अभियान तथा मुंबई उपनगरीय कलेक्टर कार्यालय के सर्वेक्षण के बाद इन भूखंडों की पहचान की गई।

इसके अनुसार, इस पहल का उद्देश्य केवल हरित आवरण बढ़ाना नहीं, बल्कि दीर्घकालिक हरित विरासत का निर्माण करना है।

शेलार ने कहा कि परियोजना के तहत भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) आधारित योजना, डिजिटल निगरानी प्रणाली और विशेष संरक्षण तंत्र का उपयोग किया जाएगा, ताकि लगाए गए पौधों की वृद्धि और उनके जीवित रहने की दर पर नजर रखी जा सके।

उन्होंने बताया कि घने, आत्मनिर्भर और जैव-विविधता से समृद्ध शहरी वनों के विकास के लिए पारंपरिक वृक्षारोपण तकनीकों के साथ-साथ ‘मियावाकी पद्धति’ भी अपनाई जाएगी। मंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव-विविधता संरक्षण और सतत शहरी विकास को बढ़ावा देना है साथ ही मुंबई के उपनगरीय क्षेत्र में हरित आवरण को भी बढ़ाना है।

मियावाकी पद्धति जापानी वनस्पतिशास्त्री अकीरा मियावाकी द्वारा विकसित एक वृक्षारोपण तकनीक है। इसमें कम जगह में देशी प्रजातियों के पौधों को बहुत घने रूप में लगाया जाता है, जिससे पौधे पारंपरिक तरीकों की तुलना में 10 गुणा तेजी से बढ़ते हैं।

भाषा रविकांत रंजन

रंजन


लेखक के बारे में