भिवंडी में एक ही दिन में पांच नाबालिग लड़के लापता, अपहरण के मामले दर्ज

भिवंडी में एक ही दिन में पांच नाबालिग लड़के लापता, अपहरण के मामले दर्ज

भिवंडी में एक ही दिन में पांच नाबालिग लड़के लापता, अपहरण के मामले दर्ज
Modified Date: August 29, 2025 / 02:38 pm IST
Published Date: August 29, 2025 2:38 pm IST

ठाणे, 29 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी शहर के विभिन्न मोहल्लों से एक ही दिन में पांच नाबालिग लड़के लापता हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को शांति नगर पुलिस थाना क्षेत्र में हुई घटनाओं के संबंध में अपहरण के मामले दर्ज किए हैं।

शांति नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘शिकायत दर्ज होने के बाद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक हम किसी भी लापता बच्चे का पता नहीं लगा पाए हैं।’’

उन्होंने बताया कि 12 और 13 साल के दो लड़के 26 अगस्त की सुबह डोंगरीपाड़ा स्थित फदिमुल इस्लाम मदरसा से लापता हो गए थे।

अधिकारी ने बताया, ‘‘मदरसे में पढ़ने वाले 20 छात्रों में से दो लापता पाए गए। संस्थान के कर्मचारियों ने परिसर और आस-पास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।’’

उन्होंने बताया कि असफल खोज के बाद एक शिक्षक ने शांति नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

एक अन्य घटना में, शुक्ला चॉल में रहने वाले 13 से 15 वर्ष की आयु के तीन लड़के 26 अगस्त की शाम को अपने घर के बाहर खेलते समय लापता हो गए।

अधिकारी ने बताया, ‘‘माता-पिता ने बताया कि लड़के शाम को अपने घर के पास खेल रहे थे और अचानक गायब हो गए। परिवारों ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की और फिर पुलिस से संपर्क किया।’’

भाषा

गोला अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में