छत्तीसगढ़ में बारिश से महाराष्ट्र के सीमावर्ती गढ़चिरौली में बाढ़, 525 लोगों को दूसरी जगह भेजा गया
छत्तीसगढ़ में बारिश से महाराष्ट्र के सीमावर्ती गढ़चिरौली में बाढ़, 525 लोगों को दूसरी जगह भेजा गया
गढ़चिरौली, 27 सितंबर (भाषा) पड़ोसी छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बनने के बाद महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में कम से कम 525 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के भामरागढ़ से गुजरने वाले दो राष्ट्रीय राजमार्ग और एक राज्य राजमार्ग रविवार को भी बाढ़ के पानी के कारण बंद रहे।
भामरागढ़ के एक आवासीय विद्यालय की बीमार छात्रा को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
पिछले कुछ दिनों में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया, नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ा तथा सड़क संपर्क प्रभावित हुआ। खासकर बस्तर क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति बनी है।
इस बारिश के कारण महाराष्ट्र की सीमा से सटे गढ़चिरौली जिले के भामरागढ़ इलाके में भी बाढ़ आ गई।
जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले दो दिनों में करीब 525 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
अधिकारी ने बताया कि भामरागढ़ के बिनागोंडा आश्रम विद्यालय की बीमार छात्रा को गुंडेनूर नाले को पार कर एसडीआरएफ की मदद से जिले के लाहेरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
हालांकि पानी का स्तर घट रहा है, जिला प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और जलमग्न रास्तों पर यात्रा करने से बचने की अपील की है।
भाषा
राखी रंजन
रंजन

Facebook


