पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार की हालत में तेजी से सुधार : डॉक्टर

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार की हालत में तेजी से सुधार : डॉक्टर

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार की हालत में तेजी से सुधार : डॉक्टर
Modified Date: February 10, 2026 / 03:39 pm IST
Published Date: February 10, 2026 3:39 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

पुणे, 10 फरवरी (भाषा) सीने में संक्रमण के बाद यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराये गये राकांपा (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार तेजी से ठीक हो रहे हैं। डॉक्टरों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

राज्यसभा के 85 वर्षीय सदस्य शरद पवार ने सांस लेने में तकलीफ और लगातार खांसी की शिकायत की थी जिसके बाद उन्हें सोमवार दोपहर पुणे जिले के बारामती कस्बे स्थित उनके आवास से रूबी हॉल क्लिनिक लाया गया था।

अस्पताल के चिकित्सक और न्यासी डॉ. साइमन ग्रांट ने बताया कि शरद पवार तेजी से ठीक हो रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उनके सभी महत्वपूर्ण पैरामीटर सामान्य सीमा के भीतर हैं। उनकी समग्र नैदानिक ​​स्थिति स्थिर है और वह तेजी से ठीक हो रहे हैं।’’

डॉक्टर ने बताया कि भर्ती के समय उन्हें जो हल्की परेशानी हो रही थी, वह लगातार चिकित्सा प्रबंधन से ठीक हो गई है।

ग्रांट ने कहा, ‘‘एहतियात के तौर पर, उन्हें अभी निगरानी में ही रखा गया है। उनका इलाज रूबी हॉल क्लिनिक के स्थापित चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार ही किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार के आधार पर आगे की उपचार प्रक्रिया के संबंध में निर्णय लिए जाएंगे।

अस्पताल ने राकांपा (एसपी) कार्यकर्ताओं और शरद पवार के शुभचिंतकों से अपील की है कि वे अस्पताल में इकट्ठा न हों ताकि नियमित रोगी देखभाल में कोई बाधा न आए।

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार मुंह के कैंसर के मरीज रहे हैं। उनके भतीजे एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार की 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में मौत हो गयी थी।

अजित पवार की पत्नी एवं महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार अपने बेटे पार्थ के साथ सोमवार शाम शरद पवार का हालचाल जानने अस्पताल आयी थीं।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में