पालघर, 17 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा पूर्व में शुक्रवार को चार मंजिला इमारत के एक ओर झुकने और उसके गिरने की आशंका के चलते वहां रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। महानगरपालिका के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीसीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि ओम नगर स्थित ‘दुर्गेश्वरी बिल्डिंग’ के झुकने की सूचना मिलते ही नगर निकाय, दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर इमारत को खाली करा दिया गया और सभी परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया।
वीवीसीएमसी के मुख्य अग्निशमन अधिकारी रोहन मोरे ने बताया कि इमारत की स्थिरता की जांच के लिए विशेषज्ञों से संरचनात्मक ऑडिट कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर यह निर्णय लिया जाएगा कि इमारत की मरम्मत संभव है या उसे खतरनाक घोषित कर स्थायी रूप से गिराने की आवश्यकता है।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष