कुशीनगर में आठ दिन पहले दफनाए गये युवक का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

Ads

कुशीनगर में आठ दिन पहले दफनाए गये युवक का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 12:22 AM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 12:22 AM IST

कुशीनगर (उप्र), 17 जुलाई (भाषा) कुशीनगर में परिवार द्वारा हत्‍या की आशंका जताये जाने के बाद आठ दिन पहले दफनाये गये युवक का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए प्रशासन ने भेजा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र में घर से किसी कार्य के लिए निकले युवक का गांव के बाहर नौ दिन पहले शव पाया गया था। इस मामले में मृतक के भाई ने बाद में हत्या की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की।

जिलाधिकारी (डीएम) के निर्देश पर शुक्रवार को कब्र से शव निकाला गया। पुलिस के अनुसार कुशीनगर जिले के कुबेर स्थान थाना क्षेत्र के जंगल पचरुखिया गांव निवासी महमूद (26) बीते आठ जुलाई को घर से किसी कार्य के लिए गांव के चौराहे की तरफ निकला था और देर रात तक घर नहीं लौटा।

दूसरे दिन संदिग्ध परिस्थिति में उसका शव गांव के बाहर खेत में मिला था। परिजनों ने शव को दफना दिया। इसके बाद मृतक के भाई मुहम्मद ने जिलाधिकारी को पत्र देकर महमूद के हत्या की आशंका जताते हुए शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की ताकि मौत की वजह का पता चल सके।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि शुक्रवार को प्रभारी एसडीएम पडरौना सर्वेश कुमार गौर की उपस्थिति में कुबेरस्थान थाने की पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया ताकि व्यक्ति के मौत के कारणों का पता चल सके।

भाषा सं आनन्‍द

संतोष

संतोष