पालघर, 16 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में बृहस्पतिवार सुबह अरनाला बीच पर तेज लहरों की चपेट में आने से दो लड़के अरब सागर में डूब गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि लापता लड़कों की पहचान 17 साल के अयान और सोयाब के तौर पर हुई है, जिनका पता लगाने के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
वसई-विरार शहर महानगरपालिका अग्निशमन दल के एक अधिकारी ने बताया कि विभाग को पूर्वाह्न करीब 10.45 बजे मिली एक सूचना में बताया गया कि चार लड़के तैरने के लिए समुद्र में उतर गये थे और उन्हें बाहर निकलने में मुश्किल हो रही है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ड्यूटी पर तैनात जीवनरक्षकों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और दो लड़कों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, बाकी दो लड़के तेज लहरों में बह गए।’’
उन्होंने बताया कि खराब मौसम की वजह से बचाव दलों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
अग्निशमन दल के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘बचाव के लिए इस्तेमाल की जा रही हमारी नाव को तूफानी लहरों के कारण काफी मशक्कत करनी पड़ी। अभी लहरें इतनी तेज हैं कि कुशल तैराक भी पानी में उतरने की हिम्मत नहीं कर सकते।’’
अर्नाला के सरपंच नंदकुमार घरत ने संवाददाताओं को बताया कि हालांकि समुद्र तट पर चेतावनी वाले बोर्ड प्रमुखता से लगाए गए हैं, फिर भी पिकनिक मनाने वाले लोग पानी में उतरते रहते हैं।
घरत ने कहा, ‘ये लड़के ड्यूटी पर मौजूद जीवनरक्षकों की नजर से बचकर (गहरे) पानी में चले गए और बाद में तेज लहरों में बह गए।’’
उन्होंने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की कि वे समुद्र के पास जाने से सख्ती से बचें।
जिला प्रशासन ने मॉनसून के दौरान पूरे इलाके में जलाशयों के पास जाने पर रोक का आदेश पहले ही जारी कर दिया है।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश