मेरठ में स्‍कूल संचालक की संदिग्‍ध परिस्थितियों में मौत

Ads

मेरठ में स्‍कूल संचालक की संदिग्‍ध परिस्थितियों में मौत

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 01:14 AM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 01:14 AM IST

मेरठ (उप्र), 17 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शुक्रवार को 32 वर्षीय एक निजी स्कूल संचालक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया।

पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया उसकी मौत सांप के काटने से हुई प्रतीत होती है लेकिन मौत के सही कारण का पता जांच के बाद ही चलेगा।

मृतक की पहचान भंडोरा गांव निवासी अतुल सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्ष से अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर में ‘कृष्ण किड्स प्ले स्कूल’ का संचालन कर रहा था।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि हस्तिनापुर पुलिस को शुक्रवार सुबह मौत की सूचना मिली और वह तत्काल मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला और निगरानी इकाई की टीमों ने भी घटनास्थल की जांच की।

कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘घटनास्थल से एक मृत सांप बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। मौके पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया मौत सांप के काटने से हुई प्रतीत होती है।’’

उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सांप की जांच रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य मिलने के बाद ही चलेगा।

मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर सांप से कटवाकर हत्या कराने का आरोप लगाया है।

कुमार ने कहा कि पुलिस परिजनों के आरोपों सहित मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य मिलने तक न तो कोई निष्कर्ष निकाला जा सकता है और न ही किसी आशंका को खारिज किया जा सकता है।’’

उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा सं आनन्द सिम्मी

सिम्मी