‘आर्ट मुंबई’ का चौथा संस्करण 12 नवंबर से शुरू होगा
‘आर्ट मुंबई’ का चौथा संस्करण 12 नवंबर से शुरू होगा
मुंबई, 26 अगस्त (भाषा) मुंबई में कला मेला ‘आर्ट मुंबई’ का चौथा संस्करण 12 से 15 नवंबर तक महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित किया जाएगा। इसमें 94 प्रदर्शक शामिल होंगे, जो अब तक की सबसे अधिक संख्या है। आयोजकों ने एक बयान में यह जानकारी दी।
आधुनिक और समकालीन कला पर केंद्रित इस मेले में 73 भारतीय और 21 अंतरराष्ट्रीय दीर्घाएं हिस्सा लेंगी। इनमें छह अंतरराष्ट्रीय दीर्घाएं पहली बार भाग ले रही हैं, जिनमें पेरोटिन, रिचर्ड साल्टौन, नाइट गैलरी, रिज्क आर्ट गैलरी, नीरू रत्नम और राजीव मेनन कंटेम्परेरी शामिल हैं।
इस मेले में पहले हिस्सा ले चुकी अंतरराष्ट्रीय दीर्घाओं में लिसन गैलरी और गैलेरिया कॉन्टिनुआ शामिल हैं।
सह-संस्थापकों मीनल वजीरानी, दिनेश वजीरानी, नकुल देव चावला और कॉनर मैकलिन ने संयुक्त बयान में कहा, ‘‘पिछले तीन संस्करणों के दौरान हमने ‘आर्ट मुंबई’ का विस्तार देखा; कलाकारों, विचारों और नयी कृतियों की खोज पर इसका ध्यान बरकरार रहा है। जैसे-जैसे मेला विकसित हो रहा है, हम देख रहे हैं कि अधिक लोग अलग-अलग तरीकों से कला से जुड़ रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आखिरकार, ‘आर्ट मुंबई’ वह जगह है जहां कला संग्रह आकार लेते हैं।’’
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश

Facebook


