गडचिरोली के जिलाधिकारी के जाली हस्ताक्षर करने, फर्जी मंजूरी आदेश बनाने के आरोप में पार्षद गिरफ्तार

Ads

गडचिरोली के जिलाधिकारी के जाली हस्ताक्षर करने, फर्जी मंजूरी आदेश बनाने के आरोप में पार्षद गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 05:35 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 05:35 PM IST

गडचिरोली, 30 जून (भाषा) महाराष्ट्र के गडचिरोली जिले में एक पार्षद को फर्जी प्रशासनिक मंजूरी आदेश तैयार करने और उन पर जिलाधिकारी के जाली हस्ताक्षर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

जिला खनन अधिकारी इमरान शेख ने पहले बताया था कि अज्ञात लोगों ने जिलाधिकारी के हस्ताक्षर की नकल की और जिला खनिज फाउंडेशन के लेटरहेड का गलत इस्तेमाल करके फर्जी प्रशासनिक मंजूरी आदेश तैयार किए।

शेख ने आरोप लगाया कि फर्जी आदेशों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए प्रशासनिक मंजूरी दिए जाने और धनराशि जारी किए जाने का जिक्र किया गया था। उन्होंने बताया कि उक्त आदेशों से जुड़े दस्तावेज कुछ खास लोगों और कार्यालयों को भेजे गए थे।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले के सिलसिले में शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच के आधार पर रविवार को छत्रपति संभाजीनगर की चमोर्शी नगर पंचायत से पार्षद और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व कार्यकर्ता आशीष पिपरे को गिरफ्तार कर लिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, पिपरे को कुछ महीने पहले जालसाजी के ‍एक अन्य मामले में नाम सामने आने के बाद भाजपा से हटा दिया गया था। उन्होंने बताया कि पिपरे की पत्नी गडचिरौली से भाजपा की पार्षद है।

सूत्रों के अनुसार, पिपरे को सोमवार को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे चार जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

भाषा पारुल नरेश

नरेश