महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में तीन साल पुराना पुल ढहने से कई गांवों का संपर्क टूटा

Ads

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में तीन साल पुराना पुल ढहने से कई गांवों का संपर्क टूटा

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 03:00 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 03:00 PM IST

गढ़चिरौली, छह अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में कई गांवों को जोड़ने वाला एक पुल ढह गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह पुल लगभग तीन वर्ष पहले बनकर तैयार हुआ था।

अधिकारियों के मुताबिक, बांडिया नदी पर बने कोठी-कोराणार पुल का उद्घाटन 15 अगस्त 2023 को तत्कालीन उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया था। वह उस समय गढ़चिरौली जिले के प्रभारी मंत्री भी थे।

अधिकारियों ने बताया कि साढ़े सात मीटर चौड़े मार्ग वाले इस पुल (105 मीटर लंबा) का मध्य हिस्सा 31 जुलाई को ढह गया, जिससे महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित कई गांवों का संपर्क टूट गया है।

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के रोहित पवार सहित कई नेताओं ने इस घटना पर चिंता जताते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों तथा पुल के निर्माण में शामिल ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने इतने कम समय में पुल के ढहने को एक गंभीर मामला बताते हुए कहा, ‘‘पीडब्ल्यूडी के अधीक्षक अभियंता को इस मामले की तत्काल तकनीकी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में 30 जुलाई से 31 जुलाई के बीच 200-210 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई, जिससे बांडिया नदी के जलस्तर में आए उफान से बाढ़ आ गई।

उन्होंने बताया कि बाढ़ के उच्चतम स्तर के दौरान पानी पुल के ऊपरी हिस्से से दो से ढाई मीटर ऊपर से बह रहा था।

भाषा प्रचेता

संतोष