गैंगस्टर ने मुझे जान से मारने की धमकी दी: कांग्रेस विधायक

गैंगस्टर ने मुझे जान से मारने की धमकी दी: कांग्रेस विधायक

गैंगस्टर ने मुझे जान से मारने की धमकी दी: कांग्रेस विधायक
Modified Date: July 2, 2026 / 04:27 pm IST
Published Date: July 2, 2026 4:27 pm IST

मुंबई, दो जुलाई (भाषा) कांग्रेस विधायक साजिद पठान ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि गैंगस्टर शुभम लोनकर ने उनके सहयोगी के साथ हाल ही में हुई बातचीत के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

पठान ने यह भी बताया कि फरवरी में इसी तरह की धमकी की शिकायत करने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनसे संपर्क किया था।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि उन्हें जान से मारने की धमकियों से डर नहीं लगता और वह पूर्वी महाराष्ट्र में अपने निर्वाचन क्षेत्र अकोला पश्चिम के लोगों की सेवा करना जारी रखेंगे।

उन्होंने बताया कि फरवरी में मिली धमकी के बाद हुई फोन पर बातचीत में फडणवीस ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया था, लेकिन मामले की प्रगति या की गई कार्रवाई के बारे में उनसे कभी कोई जानकारी साझा नहीं की गई।

यहां विधान भवन परिसर में पत्रकारों से अकोला के विधायक ने कहा कि उनकी पार्टी के पार्षद और करीबी सहयोगी आकाश कवाले को हाल ही में लोनकर (लॉरेंस बिश्नोई गैंग का संदिग्ध सदस्य) का फोन आया था, जिसने कथित तौर पर विधायक को जान से मारने की धमकी दी।

पठान ने पूछा, ‘कावले को (फोन कॉल के दौरान) बताया गया कि मुझे मार दिया जाएगा और पूरा अकोला यह देखेगा। मुझे पहले भी ऐसी धमकी मिली थी और मैंने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था। मैंने मुख्यमंत्री को भी इसकी जानकारी दी थी। मुझे हैरानी है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जाने वाले लोनकर के पास मेरा नंबर या मेरे करीबी पार्षद का नंबर कैसे हो सकता है।’

उन्होंने कहा कि जहां पिछली धमकी विधानसभा सत्र से पहले मिली थी, वहीं नई धमकी मौजूदा (मानसून) सत्र के दौरान दी गई। उन्होंने कहा कि लोनकर अकोला के पास अकोट में रहता है।

विपक्षी विधायक ने दावा किया, ‘पिछली बार जब बजट सत्र से पहले मुझे धमकी दी गई थी तो मुख्यमंत्री ने देर रात मुझे फोन करके मेरी सुरक्षा का भरोसा दिलाया था। लेकिन आज तक मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है कि उन धमकियों को लेकर क्या कार्रवाई की गई है।’

पठान ने कहा कि उन्होंने यह मुद्दा निजी कारणों से नहीं उठाया, बल्कि इसलिए उठाया क्योंकि एक चुने हुए प्रतिनिधि को जान से मारने की धमकी मिलना राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए बुरा संकेत है।

उन्होंने कहा, ‘यह शर्मनाक है कि एक विधायक को धमकी दी जा रही है। अगर विधायक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी का क्या होगा?’

भाषा शुभम रंजन

रंजन


लेखक के बारे में