नागपुर में ट्रक से 1.49 करोड़ रुपये का गांजा जब्त; दो गिरफ्तार

Ads

नागपुर में ट्रक से 1.49 करोड़ रुपये का गांजा जब्त; दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 10:52 AM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 10:52 AM IST

नागपुर (महाराष्ट्र), 10 जून (भाषा) नागपुर पुलिस ने ओडिशा से आ रहे एक ट्रक में स्टील कॉइल्स के नीचे छिपाकर रखा गया 150 किलोग्राम से ज़्यादा गांजा जब्त करके अंतर-राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का पर्दाफ़ाश किया है। गांजे की कीमत 1.49 करोड़ रुपये आंकी गयी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है।

मंगलवार सुबह महाराष्ट्र के नागपुर शहर में आउटर रिंग रोड पर एक ढाबे के पास पुलिस के सामाजिक सुरक्षा प्रकोष्ठ ने ट्रक को रोका।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बारीकी से तलाशी लेने पर 21.26 टन स्टील कॉइल्स के पीछे छिपाकर रखा गया 150.52 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

अधिकारी ने बताया, ‘गिरोह ने शक से बचने के लिए स्टील कॉइल्स का इस्तेमाल किया। आरोपियों ने निगरानी से बचने के लिए नागपुर से लगभग 200 किलोमीटर पहले ही अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए थे।’

एक और अधिकारी ने कहा, ‘हम लगभग दो महीने से इस गिरोह पर नज़र रखे हुए थे। खेप मुंबई जा रही थी और ओडिशा में मौजूद आपूर्तिकर्ताओं को गिरफ़्तार करने की कोशिशें की जा रही हैं।’

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान ओडिशा के रहने वाले जोगेश धर्मोधर देवुरी (30) और महेंद्र इर्दा देवुरी (40) के तौर पर हुई है और मामले की जांच जारी है।

भाषा तान्या गोला

गोला