ठाणे जिले में होर्डिंग गिरा, तीन वाहन क्षतिग्रस्त

ठाणे जिले में होर्डिंग गिरा, तीन वाहन क्षतिग्रस्त

ठाणे जिले में होर्डिंग गिरा, तीन वाहन क्षतिग्रस्त
Modified Date: August 2, 2024 / 06:20 pm IST
Published Date: August 2, 2024 6:20 pm IST

ठाणे, दो अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शुक्रवार सुबह एक होर्डिंग के गिरने से तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कल्याण क्षेत्र के व्यस्त सहजानंद चौक पर सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुई इस घटना में अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

कल्याण के तहसीलदार सचिन शेजल ने बताया कि होर्डिंग वहां खड़े तीन वाहनों पर गिरा।

उन्होंने बताया कि एक टीम को घटनास्थल पर भेज दिया गया है और बचाव कार्य जारी है। उन्होंने किसी के भी चपेट में आने की संभावना से इनकार किया।

वहीं कल्याण डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) आयुक्त इंदुरानी जाखड़ ने घटनास्थल का दौरा किया।

उन्होंने कहा कि मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन नहीं करने के कारण ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

जाखड़ ने कहा कि वाहनों को हुए नुकसान और अगर कोई घायल हुआ होगा तो उसकी चिकित्सा लागत के लिए ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

केडीएमसी की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि नागरिक निकाय यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा कि प्रभावित लोगों को मुआवजा मिले और यह भी दोहराया कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सभी होर्डिंग की जांच की जाएगी।

जाखड़ ने अतिरिक्त आयुक्त हर्षल गायकवाड़ और केडीएमसी के संपत्ति विभाग के उपायुक्त रमेश मिसल के साथ घटनास्थल का दौरा किया।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में