मुंबई, एक अप्रैल (भाषा) मुंबई की महापौर रितु तावडे ने दावा किया है कि वह लंबे समय से गले की बीमारी से पीड़ित थीं और यह बीमारी एक ‘‘गुरुदेव’’ के आशीर्वाद से ठीक हुई।
तावडे ने मंगलवार को बोरीवली में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा कि चिकित्सकीय उपचार कराने के बावजूद गले से संबंधित समस्या ने उन्हें लगभग दो वर्ष तक परेशान किया।
उन्होंने कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “मेरी आवाज ऐसी नहीं थी। मैंने परम गुरुदेव जी को बताया था कि मैं दवाइयां ले रही हूं लेकिन कोई फायदा नहीं हो रहा। मैं सदमे में हूं।”
तावडे ने एक जैन पुजारी का जिक्र करते हुए यह बात कही।
तावडे फरवरी में मुंबई की 78वीं महापौर चुनी गईं और 44 वर्षों में इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने वाली दूसरी भाजपा पार्षद बनीं।
महापौर ने दावा किया कि आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद उनकी हालत में काफी सुधार हुआ और इसे उन्होंने ‘एक बड़ा चमत्कार’ बताया।
महापौर ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझे आशीर्वाद दिया और आज मैं आपके सामने बोल सकती हूं… यह सचमुच एक चमत्कार जैसा लगता है क्योंकि मैं बहुत कष्ट में थी लेकिन अब आप मेरी आवाज़ सुन सकते हैं।’
इसी कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने दावा किया कि तावडे ने ‘गुरुदेव’ का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद ही पहली बार पार्षद का पद संभाला था।
लोढ़ा ने कहा कि भाजपा के नगर प्रमुख अमित साटम ने उन्हें बताया कि एक और ‘चमत्कार’ यह था कि गुरुदेव से मिलने और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं केंद्रीय मंत्री अमित शाह का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद तावडे महापौर बनीं।
भाषा तान्या सिम्मी नरेश
नरेश