मुंबई में बारिश से कुछ इलाकों में जलजमाव, यातायात बाधित

Ads

मुंबई में बारिश से कुछ इलाकों में जलजमाव, यातायात बाधित

  •  
  • Publish Date - May 31, 2026 / 09:59 AM IST,
    Updated On - May 31, 2026 / 09:59 AM IST

मुंबई, 31 मई (भाषा) मुंबई में रविवार सुबह मानसून-पूर्व व्यापक बारिश हुई जिससे पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस से प्रभावित शहर को राहत मिली।

मुंबई, इसके पश्चिमी उपनगर और पूर्वी उपनगर समेत कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई जिससे कुछ इलाकों में जलजमाव की सूचना मिली।

पड़ोसी नवी मुंबई के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हुई।

दादर, माटुंगा, खार, चेंबूर, मानखुर्द, कुर्ला, सांताक्रूज, विले पार्ले, अंधेरी और वर्सोवा उपनगरों में पिछले एक-दो घंटों में भारी बारिश हुई।

जलजमाव के कारण यातायात धीमा हो गया जिससे कुछ क्षेत्रों में वाहन चालकों और यात्रियों को असुविधा हुई।

बारिश और एक दुर्घटना के कारण सायन-पनवेल राजमार्ग के वाशी की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी यातायात जाम लग गया।

अचानक हुई भारी वर्षा से बचने के लिए कई दोपहिया वाहन चालक फ्लाईओवर, स्काईवॉक और दुकानों के शेड के नीचे शरण लेते दिखे।

तत्काल किसी बड़ी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली, जबकि नगर निगम के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

उपनगरीय रेल सेवाएं अप्रभावित रहीं हालांकि कुछ ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि रेल नेटवर्क पर किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

भाषा सुरभि अमित

अमित