दहिसर पूर्व को काशीगांव से जोड़ने वाली मेट्रो लाइन का उद्घाटन; ठाणे-मुंबई कनेक्टिविटी स्थापित
दहिसर पूर्व को काशीगांव से जोड़ने वाली मेट्रो लाइन का उद्घाटन; ठाणे-मुंबई कनेक्टिविटी स्थापित
मुंबई, सात अप्रैल (भाषा) दहिसर पूर्व को काशीगांव से जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 9 के उद्घाटन के साथ मुंबई के एक उपनगर और महानगर क्षेत्र में ठाणे शहर के एक हिस्से के बीच मंगलवार को पहली सीधी ‘कनेक्टिविटी’ स्थापित हो गई।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई मेट्रो लाइन 9 और लाइन 2बी के पहले चरण का उद्घाटन किया, जो मुंबई में हार्बर लाइन पर पहली मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान करता है।
ये सेवाएं पूर्वी उपनगरों में कनेक्टिविटी को बेहतर करेंगी।
दोनों मार्गों पर नियमित सेवाएं बुधवार से शुरू होने वाली हैं। इसके साथ ही, देश की वित्तीय राजधानी में छह मेट्रो लाइन चालू हो जाएंगी।
लाइन 9 दहिसर पूर्व से काशीगांव तक है, जबकि लाइन 2बी मंडले से चेम्बूर तक परिचालित होती है।
फडणवीस ने पहले दहिसर पूर्व से एक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर मेट्रो लाइन 9 के पहले चरण का उद्घाटन किया तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक और मुंबई की महापौर रितु तावड़े के साथ काशीगांव तक यात्रा की। यह लाइन दहिसर के उत्तरी उपनगर को ठाणे जिले में पड़ोसी मीरा भायंदर से जोड़ती है।
फडणवीस ने संवाददाताओं से कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में एक सुगम और सुलभ परिवहन प्रणाली विकसित की जा रही है, जिसमें मेट्रो, ई-बसें और जल परिवहन को एकीकृत किया जा रहा है ताकि यह शहर देश का सबसे सुलभ शहर बन सके।
उन्होंने कहा कि 100 किलोमीटर से अधिक परिचालन मेट्रो लाइन के साथ मुंबई अब मेट्रो नेटवर्क के मामले में दिल्ली के बाद देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि शेष अधिकांश परियोजनाएं अगले दो वर्षों में पूरी हो जाएंगी।
मुंबई में अब चालू हालत में छह मेट्रो कॉरिडोर हैं, जिनमें मेट्रो लाइन 1 (घाटकोपर-अंधेरी-वर्सोवा), लाइन 2ए (अंधेरी पश्चिम-दहिसर पूर्व), लाइन 7 (दहिसर पूर्व और अंधेरी पूर्व) और लाइन 3 (जिसे एक्वा लाइन के नाम से जाना जाता है) (कोलाबा-बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स-एसईईपीजेड) शामिल हैं।
मेट्रो लाइन 9 के पहले चरण में 5.6 किमी लंबा एलिवेटेड खंड है, जिसमें चार स्टेशन हैं – दहिसर पूर्व, पांडुरंगवाड़ी, मीरागांव और काशीगांव।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मीरा-भायंदर में साई बाबा नगर और सुभाष चंद्र बोस मैदान के बीच, दूसरे चरण का लगभग 96 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और चार अतिरिक्त स्टेशन वाले 4.3 किलोमीटर लंबे खंड का उद्घाटन इसी वर्ष के अंत में किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इस मेट्रो लाइन से हम एक ऐसी यात्रा को लगभग 30 मिनट में पूरा कर सकेंगे, जिसमें वर्तमान में एक से दो घंटे लगते हैं।’’ उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर 6,607 करोड़ रुपये की लागत आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो लाइन 9, मीरा-भायंदर से दक्षिण मुंबई के कोलाबा तक मेट्रो लाइन 7 से जुड़कर निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, और भविष्य में लाइन 7ए और 3 से भी जुड़ेगी।
उन्होंने कहा कि वर्षा जल संचयन, एलईडी लाइटिंग, रिजेनरेटिव ब्रेकिंग और सोलर पैनल जैसी सुविधाओं के कारण यह मेट्रो लाइन पर्यावरण के अनुकूल है।
फडणवीस ने कहा कि 337 किमी मेट्रो लाइन बिछाए जाने के बाद, लगभग पूरा मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) जुड़ जाएगा, जिससे लोगों की यात्रा तेज गति से होगी।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मौजूदा उपनगरीय रेलवे नेटवर्क पर भार काफी कम हो जाएगा, क्योंकि वर्तमान में मुंबई के उपनगरीय नेटवर्क पर लगभग 9 लाख यात्री यात्रा करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इसके अतिरिक्त, 7 लाख लोग मेट्रो ट्रेनों के जरिये यात्रा कर सकेंगे।’’
उन्होंने यह भी बताया कि ‘नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ (एनसीएमसी) सफल रहा है, क्योंकि 80 प्रतिशत यात्रियों ने कैशलेस टिकट बुकिंग का विकल्प चुना है।
मीरा-भायंदर में चार लेन के पुल के दो लेन वाला कर दिये जाने के बारे में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में, फडणवीस ने कहा कि यह पुल घनी आबादी वाले क्षेत्र में बनाया गया है और इसका निर्माण आंशिक रूप से ही पूरा हुआ है।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, 19.79 किमी लंबा एकीकृत मेट्रो लाइन 7-9 कॉरिडोर (गुंडावली-काशीगांव) सुबह 5:50 बजे से रात 11 बजे तक संचालित होगा, जिस पर (ट्रेन की) अधिकतम आवृत्ति छह मिनट से भी कम होगी।
यह जानकारी मिली है कि सप्ताह के शुरूआती पांच दिनों में कुल 276 सेवाएं, शनिवार को 223 और रविवार को 205 सेवाएं संचालित होंगी।
मेट्रो लाइन 9 के शुरू होने के साथ ही, लाइन 2ए और 7 स्वतंत्र कॉरिडोर के रूप में संचालित होंगी। पहले, इन लाइन पर सेवाएं अंधेरी पूर्व से अंधेरी पश्चिम तक दहिसर पूर्व होते हुए एक ही मार्ग पर थीं।
लाइन 7 को लाइन 9 से एकीकृत किया जाएगा, जिससे अंधेरी पूर्व से मीरा-भायंदर तक काशीगांव होते हुए सीधी कनेक्टिविटी संभव हो सकेगी। दहिसर स्टेशन पर इंटरचेंज सुविधा से सशुल्क क्षेत्र से बाहर निकले बिना निर्बाध रूप से यात्री सफर कर सकेंगे।
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने ट्रेन परिचालन में सुधार के लिए लाइन 2ए और 7 की समय सारिणी में संशोधन किया है, और नयी समय सारिणी बुधवार से प्रभावी हो जाएगी।
बाद में दोपहर में, मुख्यमंत्री ने पूर्वी उपनगरों में मंडले से चेंबूर तक मुंबई मेट्रो लाइन 2बी के 5.53 किलोमीटर लंबे, पहले चरण का उद्घाटन किया।
पहला चरण, मानखुर्द में सेंट्रल रेलवे की हार्बर लाइन को जोड़ेगा।
मंडले डिपो भारत का सबसे बड़ा एलिवेटेड मेट्रो डिपो होगा, जहां 72 मेट्रो ट्रेनों के रखरखाव की व्यवस्था होगी।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश

Facebook


