संकट के समय हमारे दिल में बसे प्रेम को याद दिलाना महत्वपूर्ण है: इम्तियाज अली

संकट के समय हमारे दिल में बसे प्रेम को याद दिलाना महत्वपूर्ण है: इम्तियाज अली

संकट के समय हमारे दिल में बसे प्रेम को याद दिलाना महत्वपूर्ण है: इम्तियाज अली
Modified Date: May 28, 2026 / 02:53 pm IST
Published Date: May 28, 2026 2:53 pm IST

(कोमल पंचामाटिया)

मुंबई, 28 मई (भाषा) वैश्विक स्तर पर लोग तेजी से अधिक कठोर होते जा रहे हैं, और इसी कारण फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली ने अपनी नई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ बनाई है। यह फिल्म प्रेम, घावों को भरने और उस शांत मधुरता की कहानी है, जिसे लोग अपने दिलों में तब भी संजोए रखते हैं जब उनके आसपास सब कुछ बिखर चुका होता है।

इस फिल्म के जरिए निर्देशक अली एक बार फिर अभिनेता दिलजीत दोसांझ के साथ काम कर रहे हैं, जिन्होंने उनकी फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ में भी अभिनय किया था।

निर्देशक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, “मुझे लगता है कि हमारे भीतर सभी के अंदर कुछ न कुछ मिठास होती है, जिसे हम प्रेम या आध्यात्मिकता के रूप में महसूस करते हैं और जो हमारे दिल के करीब रहती है तथा हमें कठोर वास्तविकताओं से उबरने में मदद करती है।”

अली ने कहा, “दुर्भाग्यवश, आज दुनिया में बहुत कुछ गलत हो रहा है और संघर्ष बढ़ रहा है। इसलिए हमारे दिलों में बसे प्रेम को याद दिलाना और भी महत्वपूर्ण है।”

भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इम्तियाज अली की नई फिल्म इतिहास की किताबों से प्रेरित नहीं है। यह फिल्म उन प्रत्यक्ष अनुभवों से प्रेरित है, जो उन्हें विभाजन के जीवित बचे लोगों से बातचीत के दौरान प्राप्त हुए थे।

अली ने पंजाब में अपनी 2024 की फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ की शूटिंग के दौरान ऐसे लोगों से मुलाकात की थी।

इम्तियाज अली ‘रॉकस्टार’, ‘तमाशा’, ‘लव आज कल’, ‘हाईवे’ और ‘जब वी मेट’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात दो बुजुर्गों से हुई, जिन्होंने दशकों बाद विभाजन के समय की हिंसा और नफरत की बजाय उन पहलुओं पर बात की जो उनके दिल के बेहद करीब, प्रेमपूर्ण और सुंदर स्मृतियों से जुड़े थे।

इस फिल्म में संजय सूरी, रजत कपूर, अंजना सुखानी और मनीष चौधरी जैसे कलाकार नजर आएंगे।

बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट के साथ मोहित चौधरी और विंडो सीट फिल्म्स के शिबाशीष सरकार द्वारा निर्मित यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में