फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के शीर्षक के लिए जॉन अब्राहम ने कोई शुल्क नहीं लिया: कंगना रनौत
फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के शीर्षक के लिए जॉन अब्राहम ने कोई शुल्क नहीं लिया: कंगना रनौत
(तस्वीरों के साथ)
मुंबई, तीन जून (भाषा) अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा है कि उन्होंने अपनी नयी फिल्म के लिए ‘भारत भाग्य विधाता’ शीर्षक का इस्तेमाल करने के लिए अभिनेता जॉन अब्राहम से अनुमति मांगी थी, जो उन्होंने बिना किसी शुल्क के दे दी।
मनोज तापाडिया द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म मुंबई के 26/11 आतंकवादी हमलों की रात कामा अस्पताल के भीतर की स्थिति पर आधारित है।
फिल्म में दिखाया गया है कि जब बाहर आतंक का माहौल था तब कैसे अस्पताल की नर्सों, वार्ड बॉय, सफाईकर्मियों, लिफ्ट संचालकों, सुरक्षाकर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों ने उस संकट की घड़ी में भी अपनी जगह डटे रहकर मोर्चा संभाले रखा।
कंगना ने मंगलवार शाम फिल्म का ट्रेलर जारी किए जाने के मौके पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘जब यह फिल्म मेरे पास आई थी, तब इसका शीर्षक ‘नर्सेज ऑफ कामा’ था, लेकिन जब हमने इसकी कहानी सुनी, तो मुझे लगा कि यह फिल्म भारत की भावना को दर्शाती है और इसका शीर्षक ‘भारत भाग्य विधाता’ होना चाहिए। हमें पता चला कि यह शीर्षक पहले से ही जॉन सर (जॉन अब्राहम) द्वारा पंजीकृत था, इसलिए मैंने उन्हें फोन किया।’’
अभिनेत्री एवं राजनेता कंगना रनौत ने बताया कि अभिनेता जॉन ने बिना कोई शुल्क लिए यह शीर्षक इस्तेमाल करने की मंजूरी दे दी।
जॉन अब्राहम और कंगना रनौत ने 2013 में आई अपराध आधारित एक्शन फिल्म ‘शूटआउट एट वडाला’ में एक साथ काम किया था।
‘पेन स्टूडियोज’ द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण ‘पेन स्टूडियोज’, ‘मणिकर्णिका फिल्म्स’ और ‘परमहंस क्रिएशन्स’ ने ‘युनोइया फिल्म्स एलएलपी’ तथा ‘फ्लोटिंग रॉक्स एंटरटेनमेंट’ के सहयोग से किया है।
इस फिल्म में गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, सुहिता थट्टे, रसिका अघासे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान जैसे कलाकार शामिल हैं।
यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
भाषा
प्रचेता राजकुमार
राजकुमार

Facebook


