मुंबई, 28 सितंबर (भाषा) मुंबई के अंधेरी पूर्व इलाके से एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 37.17 करोड़ रुपये कीमत की 12.39 किलोग्राम ‘केटामीन’ जब्त की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एमआईडीसी पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मजगांव निवासी अदनान अहमद नियाज अहमद सिद्दीकी (35) और गिरगांव निवासी सऊद मुश्ताक मनयार (29) के रूप में हुई है। ये दोनों एक ऐसे गिरोह के सदस्य हैं जो खाद्य पदार्थों के पैकेट के अंदर मादक पदार्थ छिपाकर हवाई मार्ग के जरिए मुंबई से थाईलैंड, इंडोनेशिया, म्यांमा और मलेशिया जैसे देशों में तस्करी करते हैं।
केटामीन एक ऐसी दवा है जिसका उपयोग रोगी के भीषण दर्द को कम करने के लिए चिकित्सक सीमित परिस्थितियों में करते हैं किंतु नशे के आदि कई लोग इस दवा का प्रयोग नशे के लिये करते हैं। इस दवा के प्रयोग से अस्थायी लकवा और कम समय के लिए यादाश्त चले जाने जैसे परिणाम भी सामने आते हैं।
अधिकारी ने बताया, ‘स्वापक-रोधी दस्ते की एक टीम ने पिछले सप्ताह अंधेरी-कुर्ला रोड पर एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास फुटपाथ पर सामान के बैगों के साथ दो लोगों को देखा था। जब पुलिस टीम उनकी ओर बढ़ी तो उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें तुरंत पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से सफेद ‘क्रिस्टल’ के स्वरूप में केटामीन बरामद हुई।’
उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
भाषा सुमित माधव
माधव