केतन अग्रवाल हत्या मामला: पुलिस ने पुतले की मदद से सिया गोयल के साथ घटनाक्रम दोहराया

केतन अग्रवाल हत्या मामला: पुलिस ने पुतले की मदद से सिया गोयल के साथ घटनाक्रम दोहराया

केतन अग्रवाल हत्या मामला: पुलिस ने पुतले की मदद से सिया गोयल के साथ घटनाक्रम दोहराया
Modified Date: June 28, 2026 / 01:42 pm IST
Published Date: June 28, 2026 1:42 pm IST

पुणे, 28 जून (भाषा) पुलिस पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की कथित हत्या की आरोपी एवं उनकी मंगेतर सिया गोयल को रविवार को लोहागढ़ किले लेकर गई जहां पुतले का इस्तेमाल कर अपराध स्थल पर घटनाक्रम दोहराया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, इस प्रक्रिया का उद्देश्य 18 जून के सटीक घटनाक्रम का पता लगाना है। आरोप है कि 20 वर्षीय सिया गोयल और उसके ‘प्रेमी’ चेतन चौधरी (22) ने 25 वर्षीय अग्रवाल को किले से धक्का देकर उनकी हत्या कर दी थी।

पुणे देहात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘आज सुबह अपराध स्थल पर घटनाक्रम दोहराया गया। आरोपी को उस वास्तविक स्थान पर ले जाया गया जहां घटना हुई थी।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस ने एक पुतला तैयार किया और गोयल से यह दिखाने को कहा कि उसने केतन को उस स्थान से कैसे धक्का दिया था। गोयल ने अपराध स्थल तक पहुंचने के लिए उनके द्वारा इस्तेमाल किया गया रास्ता भी बताया।

अधिकारी ने कहा कि चौधरी को भी इसी तरह घटनाक्रम दोहराने के लिए अलग से किले में ले जाया जाएगा।

गोयल और चौधरी को अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने और उन्हें पुणे जिले के लोहागढ़ किले से धक्का देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

गोयल ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि वह अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे लगा कि शादी तोड़ने से परिवार की बदनामी होगी इसलिए उसने चौधरी के साथ मिलकर अग्रवाल की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ता कथित अपराध की साजिश, घटना से पहले और बाद में आरोपियों की गतिविधियां, उनके डिजिटल रिकॉर्ड और हत्या के मकसद समेत मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में