(फोटो के साथ रिपीट)
पणजी, 18 जुलाई (भाषा) गोवा में लगातार बारिश के बाद बृहस्पतिवार तड़के घाट क्षेत्र में भूस्खलन हुआ जिससे यहां से पड़ोसी राज्य कर्नाटक तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही।
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने गोवा के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है और 24 घंटों में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
पिछले एक दिन में उत्तर गोवा और दक्षिण गोवा दोनों जिलों में भारी बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार दक्षिण गोवा के पोंडा तालुका में सबसे अधिक 190 मिमी बारिश हुई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भूस्खलन गोवा की दक्षिणी सीमा पर स्थित अनमोद घाट पर दूधसागर मंदिर के पास हुआ।
उन्होंने बताया कि घाट खंड से कर्नाटक के बेलगाम और खानपुर जैसे इलाकों तक यातायात बाधित रहा।
उन्होंने बताया, ‘‘घाट क्षेत्र में श्री दूधसागर मंदिर के पास सड़क पर मिट्टी का ढेर इकट्ठा हो गया। अग्निशमन और आपात सेवाओं के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मार्ग साफ करने की कोशिश कि लेकिन मलबा सुबह तक नहीं हटाया जा सका।’’
अधिकारी ने बताया कि अनमोद घाट से दोपहर तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
यह घाट गोवा और कर्नाटक के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे कर्नाटक के बेलगाम और खानपुर तथा महाराष्ट्र के कोल्हापुर जाया जाता है।
सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद अनेक वाहन खड़े दिखाई दिए। पुलिस मोलेम जांच चौकी पर वाहनों को रोककर यात्रियों को भूस्खलन के बारे में आगाह कर रही है।
गोवा में भारी बारिश जारी रही। आईएमडी के बुलेटिन में कहा गया है कि उत्तर गोवा और दक्षिण गोवा जिलों में तेज हवाएं चलने के साथ ही छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश और कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस) ने चपोरा से पणजी (मालीम) तक उत्तर गोवा तट के लिए ऊंची लहरें आने की चेतावनी जारी की है।
बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि में दक्षिण गोवा में 121.4 मिमी बारिश हुई, जबकि उत्तर गोवा में 96.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
भाषा शोभना नरेश
नरेश
नरेश