पीएमएफबीवाई नामांकन की अंतिम तिथि 10 अगस्त तक बढ़ी: भरणे

Ads

पीएमएफबीवाई नामांकन की अंतिम तिथि 10 अगस्त तक बढ़ी: भरणे

  •  
  • Publish Date - August 1, 2026 / 05:46 PM IST,
    Updated On - August 1, 2026 / 05:46 PM IST

मुंबई, एक अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के तहत नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 10 अगस्त कर दी है। इस योजना के तहत अब तक 61.82 लाख किसानों का पंजीकरण हो चुका है। कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने शनिवार को यह जानकारी दी।

भरणे ने एक बयान में कहा कि तकनीकी समस्याओं, लंबित दस्तावेजों और अन्य व्यक्तिगत कारणों से कुछ किसान नामांकन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे, जिसे देखते हुए यह समय सीमा बढ़ाई गई है।

उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे अल नीनो की स्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस बढ़ी हुई समय सीमा का लाभ उठाएं और फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसलों का सुरक्षा कवच सुनिश्चित करें।

मंत्री ने बताया कि इस योजना में मराठवाड़ा क्षेत्र से सबसे अधिक, जबकि कोंकण क्षेत्र से सबसे कम भागीदारी दर्ज की गई है।

भरणे ने कहा, ‘कोई भी पात्र किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभों से वंचित नहीं रहना चाहिए। जिन किसानों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे बढ़ी हुई अंतिम तिथि का लाभ उठाएं और 10 अगस्त से पहले प्रक्रिया पूरी करें। किसान पीएमएफबीवाई फसल बीम ऐप या आधिकारिक पीएमएफबीवाई पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।’

उन्होंने कहा कि यह योजना प्राकृतिक आपदाओं, अत्यधिक बारिश, सूखे, बाढ़, ओलावृष्टि और मौसम से संबंधित अन्य घटनाओं के कारण होने वाले फसल नुकसान के खिलाफ किसानों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करती है।

भाषा सुमित माधव

माधव