नीट आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई के लिए मोदी युवाओं से माफी मांगें : उद्धव ठाकरे

Ads

नीट आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई के लिए मोदी युवाओं से माफी मांगें : उद्धव ठाकरे

  •  
  • Publish Date - August 1, 2026 / 06:43 PM IST,
    Updated On - August 1, 2026 / 06:43 PM IST

मुंबई, एक अगस्त (भाषा) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) आंदोलन के दौरान नयी दिल्ली में पुलिस कार्रवाई का सामना करने वाले युवाओं तथा प्रश्नपत्र लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों से माफी मांगनी चाहिए।

ठाकरे ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘छात्रों पर कील लगे डंडों से प्रहार किया गया, पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया और आंसू गैस के गोले दागे गए। …कुछ पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिला प्रदर्शनकारियों के कपड़े भी फाड़े। मोदी और (केंद्रीय गृहमंत्री अमित) शाह को छात्रों और उनके परिवारों से माफी मांगनी चाहिए।’

उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई का छात्रों के मन पर गहरा असर पड़ा है।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक के बाद सरकार ने जो सुधार किए हैं, वे विरोध-प्रदर्शन शुरू होने के समय ही किए जा सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पाकिस्तान और आतंकवादियों से बातचीत करने को तैयार रहती है, लेकिन देश के भविष्य (युवाओं) से बात नहीं करती।

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को कहा कि नीट में कथित अनियमितताओं को लेकर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान उनके और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, उन्होंने कहा कि ऐसे ‘भटके हुए बच्चों’ को अदालत में घसीटने से समस्या का समाधान नहीं होगा, इसलिए वह उन्हें माफ करना चाहते हैं।

ठाकरे ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘माफी देने की नहीं, माफी मांगने की जरूरत है। युवा आपको कैसे माफ करेंगे? पहले आप उन्हें ‘कॉकरोच’ कहते हैं और फिर ‘भटके हुए’ बताते हैं।’

उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कुछ युवाओं की भाषा पर सवाल उठाए जा सकते हैं, लेकिन ‘नमो रुग्ण’ (मोदी के कट्टर समर्थकों) द्वारा सोशल मीडिया पर इस्तेमाल की जाने वाली भाषा और ट्रोलिंग के तरीके की भी आलोचना होनी चाहिए।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल को पुणे में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हाथों लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 दिए जाने पर ठाकरे ने कहा कि लोकमान्य तिलक को ‘भारतीय असंतोष का जनक’ माना जाता है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘लेकिन मोदी और शाह अपनी ही सरकार के खिलाफ असंतोष के जनक हैं।’

भाषा अमित दिलीप

दिलीप