हिंगोली, 29 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के एक गांव में तेंदुआ देखे जाने के बाद लोगों में दहशत फैल गई और वन विभाग ने इलाके में 24 घंटे निगरानी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार अपराह्न खेत में तेंदुआ देखा गया जिसके बाद सिंदगी गांव में उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पांच कैमरा लगाए गए। उन्होंने किसानों से समूह में चलने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इलाके में दो कैमरा लगाए गए थे लेकिन सोमवार को तेंदुए के दोबारा दिखाई देने के बाद तीन और कैमरे लगाए गए।
अधिकारियों ने बताया कि किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए वन विभाग ने इलाके में गश्त भी बढ़ा दी है।
भाषा
प्रचेता अविनाश
अविनाश