मुंबई, पांच मार्च (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस ने निवेश पर आकर्षक लाभ का लालच देकर अभिनेत्री वर्षा उसगांवकर और चार अन्य लोगों से 47 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
शिवाजी पार्क पुलिस थाने के अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि मृणालिनी सुभाष जाम्भले की शिकायत पर आरोपी अविनाश जाधव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
जाम्भले ने शिकायत में आरोप लगाया था कि जाधव ने खुद को फिल्म निर्माता और बिल्डर बताया और उन्हें पड़ोसी जिले ठाणे के डोंबिवली में एक निर्माण परियोजना में निवेश करने के लिए राजी किया।
अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि जाधव ने ज्यादा मुनाफे और एक वर्ष के भीतर मूलधन की वापसी का कथित तौर पर वादा किया था।
उन्होंने बताया कि नवंबर 2019 से फरवरी 2020 के बीच शिकायतकर्ता उसगांवकर और तीन अन्य लोगों ने चेक और ऑनलाइन लेन-देन के माध्यम से कुल 47 लाख रुपये का निवेश किया था।
उसगांवकर को मराठी और हिंदी सिनेमा में कई फिल्मों में दमदार अभिनय के लिए जाना जाता है।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने शुरू में वादा किए गए मुनाफे के हिस्से के रूप में 4.52 लाख रुपये का भुगतान किया था हालांकि, इसके बाद कोई भुगतान नहीं किया गया।
अधिकारी ने बताया कि जब जाम्भले ने बार-बार संपर्क करने की कोशिश की तो जाधव ने अपना मोबाइल नंबर और पता कथित तौर पर बदल दिया। उन्होंने बताया कि धोखाधड़ी का पता चलने पर शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क किया।
उन्होंने बताया कि जाधव पर तत्कालीन भारतीय दंड संहिता के तहत हाल में धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र