महाराष्ट्र: जलगांव में बालक की मौत पर संदेह, जांच के लिए ढाई महीने बाद कब्र से निकाला गया शव
महाराष्ट्र: जलगांव में बालक की मौत पर संदेह, जांच के लिए ढाई महीने बाद कब्र से निकाला गया शव
मुंबई, तीन जून (भाषा) महाराष्ट्र के जलगांव जिले में 12 वर्षीय एक बालक की मौत के करीब ढाई महीने बाद परिजनों द्वारा मौत को संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताए जाने पर प्रशासन ने उसका शव कब्र से निकलवाया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान धरणगांव तालुका के रेल गांव निवासी गणेश नवल पाटिल के रूप में हुई।
इस वर्ष मार्च में क्रिकेट खेलते समय गणेश के सीने पर बैट लग गया था, जिसके बाद वह अचानक गिर पड़ा और बाद में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने उसके शव को गिरना नदी के किनारे दफना दिया था।
पुलिस ने बताया कि बाद में गणेश के पिता को उसकी मौत में साजिश का संदेह हुआ और उन्होंने जांच की मांग की।
उसने बताया कि इस मांग पर राजस्व और पुलिस विभाग ने दखल दिया और तहसीलदार के आदेश पर स्वास्थ्य अधिकारियों और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में शव को कब्र से निकाला गया।
एक अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए धुले जिले के एक सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है।
उन्होंने बताया कि गणेश के माता-पिता, रिश्तेदारों और सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में यह पूरी कार्रवाई कड़े पुलिस बंदोबस्त के बीच की गई।
अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा कि इस मामले में आपराधिक जांच की जरूरत है या नहीं।
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


