महराष्ट्र: मुख्यमंत्री फडणवीस ने लोगों से मौसम की चेतावनियों का पालन करने को कहा
महराष्ट्र: मुख्यमंत्री फडणवीस ने लोगों से मौसम की चेतावनियों का पालन करने को कहा
मुंबई, चार जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई महानगरीय क्षेत्र (एमएमआर) और पुणे-नासिक क्षेत्र के लोगों से मौसम के संबंध में जारी आधिकारिक चेतावनियों का कड़ाई से पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने का आग्रह किया है। इन क्षेत्रों में छह जुलाई तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ‘‘कनेक्टिंग लिंक’’ सहित नए बने बुनियादी ढांचे में जो भी वास्तविक कमियां हैं, उन्हें दूर किया जाएगा।
फडणवीस ने रेखांकित किया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रभावित क्षेत्र में छह जुलाई तक बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और सामान्य से काफी अधिक बारिश का अनुमान जताया है।
इसके मद्देनजर राज्य सरकार नियमित रूप से मौसम के अलर्ट जारी कर रही है और हर तीन घंटे में निवासियों को एसएमएस भेजने के साथ-साथ विभिन्न माध्यमों से परामर्श प्रसारित कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘हमने लोगों से अनुरोध किया है कि यदि संभव हो तो यात्रा से बचें ताकि भारी बारिश और तूफान के कारण होने वाले हादसों को रोका जा सके। नागरिकों को आधिकारिक अलर्ट का पालन करना चाहिए और परामर्श के अनुसार ही बाहर निकलना चाहिए। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ स्थिति पर पैनी नजर रख रहे हैं।’
आईएमडी ने मुंबई के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें दिन के दौरान कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। महानगर के कई हिस्सों में शनिवार सुबह आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई।
नगर निकाय अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, ठाणे शहर में शनिवार सुबह 8:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे के बीच 65.79 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे इस मौसम की कुल बारिश 829.84 मिमी हो गई। वहीं, इसी अवधि के दौरान पालघर जिले में 97.70 मिमी बारिश हुई, जिससे वहां मौसम की कुल वर्षा का आंकड़ा 643.10 मिमी पहुंच गया।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप

Facebook


