नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) की परिचालन नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 20 गीगावाट (जीडब्ल्यू) से अधिक हो गई है। इसके साथ ही वह पूरी तरह नई परियोजनाओं के जरिये यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की पहली स्वच्छ ऊर्जा कंपनी बन गई है।
कंपनी सालाना 52 अरब यूनिट से अधिक स्वच्छ बिजली का उत्पादन करती है।
अदाणी समूह की कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि यह उत्पादन भारत की कुल बिजली खपत का लगभग तीन प्रतिशत है। यह न्यूयॉर्क शहर की एक साल की बिजली जरूरत पूरी करने या मुंबई और नयी दिल्ली की संयुक्त वार्षिक बिजली आवश्यकता के लगभग बराबर है।
यह उपलब्धि 2016 में तमिलनाडु के कामुथी में एजीईएल की पहली नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना शुरू होने के एक दशक के भीतर हासिल की गई है। इससे कंपनी भारत में नई (ग्रीनफील्ड) परियोजनाओं के साथ सबसे बड़ी एवं सबसे तेज नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता जोड़ने वाली कंपनी बन गई है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 5,051 मेगावाट नई क्षमता जोड़ी, जो चीन के बाहर किसी भी कंपनी द्वारा एक वर्ष में जोड़ी गई सबसे अधिक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता है।
इस उपलब्धि पर अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) के कार्यकारी निदेशक सागर अदाणी ने कहा, ‘‘ 20 गीगावाट का आंकड़ा पार करना दिखाता है कि अनुशासित क्रियान्वयन एवं दीर्घकालिक दृष्टिकोण से क्या हासिल किया जा सकता है। आज एजीईएल अपने दक्ष दल और लंबे समय से जुड़े साझेदारों के साथ मिलकर मुंबई तथा नयी दिल्ली की संयुक्त वार्षिक बिजली आवश्यकता के बराबर नवीकरणीय बिजली उपलब्ध करा रही है।’’
यह क्षमता वृद्धि अब तक भारत में नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के सबसे बड़े और सबसे तेज विस्तार का प्रतिनिधित्व करती है।
एजीईएल के परिचालन खंड में लगभग 14.2 गीगावाट सौर, 2.7 गीगावाट पवन और 3.3 गीगावाट पवन-सौर हाइब्रिड क्षमता शामिल है।
इसके अलावा, एजीईएल ने 3.55 गीगावाट-घंटा (जीडब्ल्यूएच) क्षमता वाला बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) भी चालू किया है। यह चीन के बाहर दुनिया का इस तरह का सबसे बड़ा क्रियान्वयन है और वैश्विक स्तर पर सबसे तेजी से क्रियान्वित परियोजनाओं में से एक है।
अदाणी ने कहा, ‘‘जैसे-जैसे भारत के ऊर्जा मिश्रण में नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़ रही है, वैसे-वैसे भरोसेमंद तथा आवश्यकता के अनुरूप उपलब्ध कराई जा सकने वाली स्वच्छ बिजली सुनिश्चित करने में बैटरी भंडारण की भूमिका अहम होती जा रही है।’’
एजीईएल की योजना वित्त वर्ष 2026-27 में 10 गीगावाट-घंटा बैटरी भंडारण क्षमता जोड़ने और अगले पांच वर्षों में इसे बढ़ाकर 50 गीगावाट-घंटा करने की है। इससे वर्ष 2030 तक 50 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।
अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) भारत की सबसे बड़ी और दुनिया की अग्रणी नवीकरणीय ऊर्जा कंपनियों में से एक है। कंपनी स्वच्छ ऊर्जा बदलाव को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर ग्रिड से जुड़ी सौर, पवन, हाइब्रिड और ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं का विकास, स्वामित्व और संचालन करती है।
भाषा निहारिका वैभव
वैभव