उप्र: राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोपी का जिम सील

Ads

उप्र: राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोपी का जिम सील

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 11:21 AM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 11:21 AM IST

बलिया (उप्र), एक जुलाई (भाषा) बलिया प्रशाासन ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार युवक के अवैध रूप से संचालित जिम को सील कर दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

नगर मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा ने बताया कि मंगलवार को जिला मुख्यालय के गड़वार रोड स्थित एक भवन में संचालित जिम का प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिम संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन संचालक कोई भी वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका।

वर्मा ने बताया कि जिम का संचालन भूमिगत तल में किया जा रहा था। इसके अलावा परिसर में अग्निशमन सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपकरण भी नहीं थे।

उन्होंने बताया कि इन अनियमितताओं के चलते जिम को सील कर दिया गया।

वर्मा ने बताया कि जिम का संचालन परमंदापुर मोहल्ले के निवासी इरशाद अली द्वारा किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, दुबहड़ थाना क्षेत्र के नगवा गांव निवासी विवेक कुमार पाठक की शिकायत पर बलिया शहर कोतवाली में इरशाद अली के खिलाफ रविवार को मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि इरशाद अली ने फेसबुक पर अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की राशि के कथित गबन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस पोस्ट का उद्देश्य करोड़ों लोगों की भगवान राम के प्रति आस्था को लेकर भ्रम फैलाना, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ना और नफरत फैलाना था।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया था कि पुलिस ने आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया था।

भाषा सं जफर

वैभव खारी

खारी