महाराष्ट्र कांग्रेस में ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत बड़ा फेरबदल, पहली बार तालुका अध्यक्षों का चयन

महाराष्ट्र कांग्रेस में ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत बड़ा फेरबदल, पहली बार तालुका अध्यक्षों का चयन

महाराष्ट्र कांग्रेस में ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत बड़ा फेरबदल, पहली बार तालुका अध्यक्षों का चयन
Modified Date: April 5, 2026 / 03:23 pm IST
Published Date: April 5, 2026 3:23 pm IST

मुंबई, पांच अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत बड़े पैमाने पर संगठनात्मक फेरबदल की प्रक्रिया शुरू की है, जिसके तहत पहली बार तालुका (ब्लॉक) अध्यक्षों का चयन किया जा रहा है।

यह कदम संगठन में बदलाव की कमी और प्रमुख पदों पर लंबे समय से एक ही चेहरों के वर्चस्व को लेकर कार्यकर्ताओं व समर्थकों की बढ़ती आलोचना के बीच उठाया गया है।

इस प्रक्रिया के तहत पार्टी राज्यभर में 72 जिला अध्यक्षों के नामों को अंतिम रूप दे रही है। साथ ही, पुरानी व्यवस्था से अलग इस अभियान में 675 तालुकों को शामिल करते हुए तालुका स्तर पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

नए मॉडल के तहत प्रत्येक तालुका में कांग्रेस अध्यक्ष के साथ पार्टी से जुड़े 10 अन्य संगठनों और विभागों के प्रमुखों की भी नियुक्ति की जाएगी। इनमें युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल के अलावा ओबीसी, एससी, एसटी, वीजेएनटी, अल्पसंख्यक और सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की पहल पर संगठन के इतिहास में पहली बार तालुका अध्यक्षों का चयन किया जा रहा है।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता हनुमंत पवार ने कहा, “सपकाल ने केंद्रीय नेतृत्व को ‘संगठन सृजन’ प्रक्रिया के जरिए ब्लॉक अध्यक्षों के चयन के लिए राजी किया। यह अभिनव प्रयोग पार्टी के जमीनी आधार को मजबूत करने में मदद करेगा। पहले केवल जिला अध्यक्ष नियुक्त होते थे और वही ब्लॉक अध्यक्ष तय करते थे, जिससे अक्सर गुटबाजी की स्थिति बनती थी।”

इस पहल के जरिए 7,000 से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियां मिलने की संभावना है, जिससे नेतृत्व का दायरा काफी व्यापक होगा।

सपकाल ने कहा, “इस प्रक्रिया में युवा नेतृत्व को प्राथमिकता दी जाएगी और संगठनात्मक ढांचे में ओबीसी, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने का लक्ष्य है। आने वाले वर्षों में कांग्रेस दो सिद्धांतों पर काम करेगी-विचारधारा के आधार पर संगठन निर्माण और केंद्र तथा महाराष्ट्र सरकार की विफलताओं से जुड़ी जनसमस्याओं के लिए संघर्ष।”

राज्य में पार्टी के 60 संगठनात्मक जिलों में से 45 जिलाध्यक्षों को बदला जाएगा, जबकि 12 नए संगठनात्मक जिलों के अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे।

सपकाल ने कहा कि अगले दो महीनों में जिला और तालुका स्तर पर लगभग 8,000 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति का लक्ष्य रखा गया है।

भाषा खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में