नागपुर, 30 मार्च (भाषा) भंडारा-गोंदिया के सांसद प्रशांत पडोले सोमवार को नागपुर में उस समय बाल-बाल बच गए जब उनकी कार सीएनजी ले जा रहे एक ट्रक से टकरा गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
वडोदा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह साढ़े पांच बजे भंडारा रोड पर हल्दीराम फैक्ट्री के पास हुई।
उन्होंने बताया, “कांग्रेस सांसद की कार ने सीएनजी से लदे एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक बाईं लेन में जाने की कोशिश कर रहा था तभी कार ने उसे टक्कर मार दी। पडोले संसद में भाग लेने के लिए दिल्ली जाने वाली उड़ान के लिए नागपुर हवाई अड्डे जा रहे थे।”
अधिकारी ने बताया, ‘‘कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक राहुल गिरहेपुंजे, पडोले के सहायक देवेंद्र शाहारे और सुरक्षाकर्मी आकाश खडसे को मामूली चोटें आईं।’
अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के ने बताया कि ट्रक चालक विक्रम बहादुर सिंह को यवतमाल से गिरफ्तार कर लिया गया, जो मौके से फरार हो गया था। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
भाषा अमित आशीष
आशीष