महाराष्ट्र: पालघर के एक बिल्डर से पांच लाख रुपये की साइबर ठगी

Ads

महाराष्ट्र: पालघर के एक बिल्डर से पांच लाख रुपये की साइबर ठगी

  •  
  • Publish Date - July 26, 2026 / 03:26 PM IST,
    Updated On - July 26, 2026 / 03:26 PM IST

पालघर, 26 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में 31 वर्षीय एक बिल्डर से कथित तौर पर पांच लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगों ने स्वयं को एक प्रतिष्ठित सीमेंट निर्माण कंपनी के बिक्री प्रतिनिधि बताकर इस वारदात को अंजाम दिया।

एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर नालासोपारा थाने में शुक्रवार को दो लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत एक प्राथमिकी गई दर्ज की है।

उन्होंने बताया कि यह धोखाधड़ी दिसंबर 2025 में हुई थी जब शिकायतकर्ता अपने निर्माण कारोबार के लिए एक ब्रांडेड सीमेंट की ऑनलाइन तलाश कर रहा था।

अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान उसे एक व्यक्ति का फोन कॉल आया, जिसने स्वयं को एक सीमेंट कंपनी का बिक्री प्रबंधक बताया।

अधिकारी ने बताया, “इसके बाद कॉल करने वाले ने शिकायतकर्ता की बात कल्पेश सिन्हा नाम के एक अन्य व्यक्ति से कराई, जिसने स्वयं को सीमेंट कंपनी का बिक्री और माल प्रेषण प्रबंधक बताया। भरोसा जीतने के लिए ठगों ने फर्जी डोमेन नाम से ईमेल भेजकर जाली मूल्य सूची, जाली जीएसटी प्रमाणपत्र, फर्जी पैन कार्ड विवरण और फर्जी ‘इनवॉइस’ भेजे।”

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने 250 रुपये प्रति बैग की रियायती दर पर 2,000 सीमेंट बैग का ऑर्डर दिया और ठगों द्वारा बताए गए बैंक खाते में पांच लाख रुपये अंतरित कर दिए।

अधिकारी के अनुसार, तय समय पर सीमेंट की खेप नालासोपारा स्थित निर्धारित आपूर्ति स्थल पर नहीं पहुंची, जिसके बाद बैंक में जांच करने पर पता चला कि जिस खाते में रुपये भेजे गए थे, वह किसी सीमेंट कंपनी का नहीं, बल्कि एक व्यक्ति के नाम पर था। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा जितेंद्र अमित

अमित