महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने रिकॉर्ड मतों के अंतर से उपचुनाव में जीत हासिल की
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने रिकॉर्ड मतों के अंतर से उपचुनाव में जीत हासिल की
पुणे, चार मई (भाषा) महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने बारामती विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सोमवार को 2,18,034 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, उन्होंने 2,18,969 वोट हासिल किए।
सुनेत्रा के पति और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के कारण यह उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी थी।
राकांपा ने दावा किया कि सुनेत्रा पवार ने विधानसभा चुनावों में जीत के सबसे बड़े अंतर का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है और उन्होंने भाजपा के सुनील कुमार शर्मा के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
शर्मा ने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में साहिबाबाद सीट पर 2.14 लाख मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।
बारामती में अन्य 22 उम्मीदवारों को कुल 4,837 वोट प्राप्त हुए।
बारामती से विधायक अजित पवार की 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो जाने के बाद 23 अप्रैल को यह उपचुनाव कराया गया था।
सुनेत्रा पवार की जीत का अंतर उनके दिवंगत पति की जीत के अंतर से भी अधिक है, जिन्होंने 2019 में भाजपा के गोपीचंद पाडलकर को 1,65,265 मतों से हराया था। 2024 के चुनावों में, अजित पवार की जीत का अंतर घटकर करीब 1 लाख वोट रह गया था।
सुनेत्रा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, शानदार जनादेश के लिए बारामती की जनता को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘बारामती विधानसभा उपचुनाव में मुझे शानदार जनादेश देने के लिए मैं बारामती की जनता को तहे दिल से धन्यवाद देती हूं। आपने जो विश्वास, प्रेम और समर्थन दिखाया है, वह मेरे लिए बहुत मायने रखता है।’’
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप

Facebook


