महाराष्ट्र : नांदेड़ में त्योहारों के दौरान एफडीए ने 2.9 लाख रुपये के 675 किलो खाद्य उत्पाद जब्त किए
महाराष्ट्र : नांदेड़ में त्योहारों के दौरान एफडीए ने 2.9 लाख रुपये के 675 किलो खाद्य उत्पाद जब्त किए
नांदेड़, 25 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की जांच के दौरान नांदेड़ जिले के छह प्रतिष्ठानों से करीब 2.9 लाख रुपये मूल्य के 675 किलोग्राम खाद्य उत्पाद जब्त किए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई राज्यव्यापी ‘सुरक्षित भोजन, सुरक्षित महाराष्ट्र’ अभियान के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयों, खोया, दूध एवं डेयरी उत्पादों तथा अन्य खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
अधिकारियों के अनुसार, छह प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के आठ नमूने विश्लेषण के लिए लिए गए और 675 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई। जब्त सामग्री में घी, खोया, दूध और डेयरी उत्पाद तथा अन्य खाद्य सामग्री शामिल हैं।
नांदेड़ के देगलूर नाका स्थित शिवकृपा दूध भंडार से अधिकारियों ने 88 किलोग्राम घी और 49 किलोग्राम खोया जब्त किया। मालेगांव रोड स्थित श्रीसाई खोया सेंटर से 99 किलोग्राम खोया तथा एमआईडीसी क्षेत्र स्थित खंडेलवाल स्वीट्स से भी 99 किलोग्राम खोया जब्त किया गया।
भोकर तहसील के पालज गांव से 38 किलोग्राम कुंदा पेड़ा और 78 किलोग्राम मीठा पेड़ा जब्त किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि बिलोली तहसील के कुंडलवाड़ी स्थित काशीराम डाचावर से 146 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल तथा माहूर तहसील के वाई बाजार स्थित जगदंबा बीकानेर से 78 किलोग्राम मावा पेड़ा भी जब्त किया गया।
इन छह प्रतिष्ठानों के अलावा एफडीए ने जिले में 28 अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और विश्लेषण के लिए 26 नमूने एकत्र किए।
अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री का संदेह होने पर उपभोक्ता नांदेड़ स्थित एफडीए कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या एफओएससीओएस ऑनलाइन पोर्टल अथवा विभाग के शिकायत पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
भाषा मनीषा संतोष
संतोष

Facebook


