महाराष्ट्र: फर्जी डीलरशिप दिलाने के बहाने व्यापारी से 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी, पांच लोग गिरफ्तार
महाराष्ट्र: फर्जी डीलरशिप दिलाने के बहाने व्यापारी से 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी, पांच लोग गिरफ्तार
ठाणे, पांच अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के एक व्यापारी ने हर्बल शराब उत्पादों की डीलरशिप दिलाने के बहाने उससे 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि व्यापारी ने शुक्रवार को अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे हर्बल डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी द्वारा कथित तौर पर निर्मित उत्पादों के वितरण का वादा किया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पवन दशरथ हगावाने, शरद रामभाऊ गायकवाड़ और महेंद्र पीराजी खिलारे, दो अन्य लोगों के साथ फरवरी और जुलाई 2021 के बीच शिकायतकर्ता के पास पहुंचे थे।
अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्होंने जाली दस्तावेज पेश किए, जिनमें कंपनी के सीईओ द्वारा कथित तौर पर हस्ताक्षरित और मुहरबंद एक पत्र भी शामिल था और दावा किया कि वे अधिकृत प्रतिनिधि और निदेशक मंडल के सदस्य हैं।’’
उन्होंने बताया कि आरोपी ने हर्बल शराब उत्पादों की नमूना पैकेजिंग और तस्वीरें भी दिखाईं और शिकायतकर्ता को ठाणे के लिए डीलरशिप अधिकार दिलाने का वादा करके पैसे निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोपियों को 30 लाख रुपये का भुगतान किया, लेकिन उन्होंने न तो कोई वैध लाइसेंस दिया और न ही वादा किया गया डीलरशिप प्रदान किया। उन्होंने यह भी बताया कि व्यापारी को अपशब्द कहे गए और धमकी भी दी गई।
उन्होंने कहा कि अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा तान्या सुरभि
सुरभि

Facebook


