महाराष्ट्र : पिंपरी चिंचवाड़ में आवासीय सोसायटी का धातु का दरवाजा गिरने से बच्ची की मौत

Ads

महाराष्ट्र : पिंपरी चिंचवाड़ में आवासीय सोसायटी का धातु का दरवाजा गिरने से बच्ची की मौत

  •  
  • Publish Date - August 1, 2024 / 11:16 PM IST,
    Updated On - August 1, 2024 / 11:16 PM IST

पुणे, एक अगस्त (भाषा) पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ में एक आवासीय सोसायटी का धातु का दरवाजा गिरने से साढ़े तीन साल की बच्ची की दबकर मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार को बोपखेल में उस समय हुई, जब बच्ची अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें एक बच्ची घर की ओर भागते हुए दूसरे लोगों को सूचना देती हुई दिखाई दे रही है।

वीडियो में एक व्यक्ति को घटनास्थल पर आते और घायल बच्ची को उठाते हुए देखा जा सकता है।

पिंपरी चिंचवाड़ थाने के एक अधिकारी ने बताया, “जब बच्चे खेल रहे थे तब किसी बच्चे ने धातु के ‘स्लाइडिंग’ दरवाजे को बंद कर दिया। जब साढ़े तीन साल की बच्ची दरवाजे की ओर भागी तो दरवाजा गिर गया। ऐसा लगता है कि दरवाजा अपने खांचे से बाहर आ गया और गिर गया। दुर्घटनावश मौत का मुकदमा दर्ज किया गया है।”

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश