महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री ने अंडाणु दान गिरोह की गहन जांच का आश्वासन दिया
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री ने अंडाणु दान गिरोह की गहन जांच का आश्वासन दिया
ठाणे, 23 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश अबितकर ने ठाणे जिले में गरीब महिलाओं का शोषण करने वाले अंडाणु दान गिरोह की गहन जांच का आश्वासन दिया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पुलिस ने हाल में गिरोह का भंडाफोड़ किया था जिसमें पीड़ित महिलाओं को हर चक्र के लिए 25,000 से 30,000 रुपये तक का लालच दिया जाता था और उन्हें बार-बार अंडाणु दान के लिए इस्तेमाल किया जाता था, जिससे उनका शारीरिक शोषण होता था। उन्हें आईवीएफ केंद्रों में ले जाया जाता था, जहां सर्जरी के जरिए अंडाणु निकाले जाते थे और बाद में उन्हें लाखों रुपये में बेचा जाता था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अवैध कारोबार के सिलसिले में अब तक तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह बदलापुर पूर्व के जोवेली इलाके में एक रिहायशी इमारत और एक सोनोग्राफी केंद्र से संचालित किया जा रहा था।
अंडाणु दान में एक महिला दूसरी महिला को गर्भधारण में मदद के लिए अपने अंडाणु देती है।
अबितकर ने शनिवार रात यहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का वादा किया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा निदेशक को पुलिस के समन्वय से इस मामले की तथ्य-आधारित जांच करने का कार्य सौंपा गया है।
अबितकर ने कहा कि दो से तीन दिनों के भीतर एक प्रारंभिक रिपोर्ट आने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि इसमें शामिल पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या एजेंसी को काली सूची में डालने सहित कड़ी सजा का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि ठाणे सिविल अस्पताल का पुनर्निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और यह राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुविधा बनने जा रहा है।
भाषा
गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


