मुंबई, 31 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र विधान परिषद की स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्रों की 16 सीटों में से 10 के लिए और नागपुर विधान परिषद चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
पार्टी ने नागपुर स्थानीय प्राधिकरण क्षेत्र के उपचुनाव के लिए डॉ. राजीव पोतदार को उम्मीदवार बनाया है।
आगामी 18 जून को होने वाले चुनाव में भाजपा 11 सीटों पर, जबकि सहयोगी शिवसेना चार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
भाजपा ने वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली से अरुण लखानी, भंडारा-गोंदिया से अविनाश ब्राह्मणकर, अमरावती से प्रवीण पोटे पाटिल, सांगली-सातारा से धैर्यशील कदम, सोलापुर से राजेंद्र राऊत और अहमदनगर (अहिल्यानगर) से हाल ही में भाजपा में शामिल हुए प्राजक्त तनपुरे को उम्मीदवार बनाया है।
लखानी के बेटे की शादी राकांपा (शप) की सांसद और पार्टी नेता शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले की पुत्री रेवती से होने वाली है।
छत्रपति संभाजीनगर-जालना से सुहास शिरसाट, नांदेड़ से अमर राजूरकर, धाराशिव-लातूर-बीड से बसवराज पाटिल और जलगांव से नंदकिशोर महाजन को भी भाजपा का टिकट दिया गया है।
नागपुर सीट मौजूदा सदस्य चंद्रशेखर बावनकुले के विधानसभा सदस्य चुने जाने के बाद रिक्त हुई थी।
भाषा
राखी वैभव
वैभव