महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: भाजपा ने नागपुर और अमरावती में स्थानीय निकाय की सीटें जीतीं

Ads

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: भाजपा ने नागपुर और अमरावती में स्थानीय निकाय की सीटें जीतीं

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 07:41 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 07:41 PM IST

नागपुर, 22 जून (भाषा) महाराष्ट्र विधान परिषद के लिए नागपुर स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव में सोमवार को भाजपा प्रत्याशी राजीव पोतदार ने कांग्रेस के अतुल लोंढे को 552 वोटों के अंतर से हराया।

अमरावती में, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवीण पोटे लगातार तीसरी बार विजयी रहे। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार हर्षजीत देशमुख को हराया, जो चुनाव से पहले संपर्क से बाहर हो गए थे। उन्हें एक भी वोट नहीं मिला।

विधानपरिषद की 11 सीट के लिए 18 जून को चुनाव हुए थे और आज मतों की गिनती थी।

आरंभ में विधानपरिषद की 17 सीट (जिनमें एक उपचुनाव भी शामिल था) के लिए द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा की गई थी, लेकिन मतदान सिर्फ 11 सीट पर ही हुआ। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि भाजपा, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और सुनेत्रा पवार की राकांपा वाले सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के उम्मीदवारों ने छह सीटें निर्विरोध जीत लीं।

जिला सूचना कार्यालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार, पोतदार को 682 वोट मिले, जबकि लोंढे को 130 वोट मिले।

नागपुर में कुल 812 वोट वैध पाए गए और 11 वोट अमान्य घोषित किए गए।

अमरावती में भाजपा प्रत्याशी पोटे ने 390 वोट हासिल करके चुनाव जीता।

सूत्रों के मुताबिक, अमरावती में कांग्रेस के वोट बंट गए, क्योंकि पार्टी ने अपने 120 पार्षदों को व्हिप जारी करके कहा था कि वे पार्टी उम्मीदवार देशमुख को वोट न दें। देशमुख कथित तौर पर चुनाव से पहले संपर्क से बाहर थे।

कांग्रेस नेताओं ने पहले आरोप लगाया था कि देशमुख पिछले कुछ दिनों से संपर्क से बाहर थे । उन्होंने आशंका जताई थी कि हो सकता है कि चुनाव से पहले विरोधी पार्टियों ने उन्हें ‘अपने पाले में कर लिया हो।’

स्थानीय नेताओं ने कहा था कि भले ही देशमुख उनसे किसी भी तरह के संपर्क में नहीं थे, लेकिन उन्होंने उन्हें उस अस्पताल से मीडियाकर्मियों से बात करते हुए देखा, जहां वह भर्ती हैं।

हालांकि, देशमुख ने कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और उन पर किसी का कोई दबाव नहीं था।

गोंदिया में, भंडारा-गोंदिया स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा उम्मीदवार अविनाश ब्रह्मंकर विजयी रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी, कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार नरेश ईश्वरकर को 148 वोटों के अच्छे अंतर से हराया।

कुल 457 वोटों में से ब्रह्मंकर को 302 वोट मिले, जबकि ईश्वरकर को 154 वोट प्राप्त हुए।

भाषा

राजकुमार संतोष

संतोष