महाराष्ट्र: नागपुर से दो करोड़ रुपये की ई-बस चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र: नागपुर से दो करोड़ रुपये की ई-बस चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र: नागपुर से दो करोड़ रुपये की ई-बस चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: July 3, 2026 / 09:24 am IST
Published Date: July 3, 2026 9:24 am IST

अमरावती, तीन जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की दो करोड़ रुपये कीमत की एक इलेक्ट्रिक बस चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है।

अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात नागपुर के इमामबाड़ा बस स्टैंड से ‘शिवशाही’ ई-बस उस समय चोरी हो गई, जब वाहन को चार्ज किया जा रहा था।

सूचना मिलने के बाद शहर के गणेशपेठ थाने में मामला दर्ज किया गया और इसकी जानकारी क्षेत्र के अन्य थानों को भी भेज दी गयी।

पुलिस ने बताया कि बस को 150 किलोमीटर से अधिक दूर अमरावती लाया गया था।

उन्होंने बताया, “एक टीम को अमरावती के राजापेठ बस स्टैंड से कुछ दूरी पर यह बस मिल गई।”

कुछ ही देर बाद एक व्यक्ति बस में प्रवेश करता हुआ दिखाई दिया और उसे हिरासत में ले लिया गया।

राजापेठ थाने के निरीक्षक संदीप चव्हाण ने बताया, “उस व्यक्ति ने तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में अब तक 20 बसें चोरी करने की बात कबूल की है।’’

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किये गये व्यक्ति पर वर्ष 2023-24 में तिरुपति के तिरुमला अपराध थाना क्षेत्र से एक बस चोरी करने और वर्ष 2026 में महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के वजीराबाद थाना क्षेत्र से एक बस चोरी करने का आरोप है।

उन्होंने बताया, “वह अंतरराज्यीय बस चोर प्रतीत होता है। अब हम राज्य और देशभर में संदेश प्रसारित कर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इसी तरह की परिस्थितियों में और भी वाहन चोरी हुए हैं। उसका तरीका वाहनों के स्पेयर पार्ट्स निकालकर उन्हें अलग-अलग बेचने का है। ई-बसें चोरी करने के पीछे उसका मकसद उनकी बैटरियां हासिल करना होता है, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये होती है।”

भाषा जितेंद्र वैभव

वैभव


लेखक के बारे में