महाराष्ट्र: नागपुर में सिलेंडर विस्फोट के कारण लगी आग में व्यक्ति की मौत, सात लोग घायल

Ads

महाराष्ट्र: नागपुर में सिलेंडर विस्फोट के कारण लगी आग में व्यक्ति की मौत, सात लोग घायल

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 09:37 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 09:37 PM IST

नागपुर, 19 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर में रविवार को एक घर में रखे गैस सिलेंडर में विस्फोट से आग लग गई, जिसमें 40 वर्षीय व्यक्ति की दम घुटने से मौत हो गई और सात अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना ओल्ड कामाठी थाना क्षेत्र में भाजी मंडी इलाके में सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई।

एक अधिकारी ने बताया कि अतुल उर्फ ​​बंटी दशरथ पंतवाने की पत्नी चाय बना रही थी कि तभी एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे लगी आग बहुत तेजी से फैल गई।

वरिष्ठ निरीक्षक प्रशांत जुमडे ने बताया, “पंतवाने बेडरूम में फंस गए और मदद पहुंचने से पहले ही दम घुटने से उनकी मौत हो गई।”

उन्होंने बताया कि पंतवाने की पत्नी और तीन बच्चे सुरक्षित बच गए लेकिन आग पर काबू पाने की कोशिश में सात लोग मामूली रूप से घायल हो गए।

अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई।

उपनिरीक्षक मिलिंद मेश्राम ने बताया, “आग से करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। मामला दर्ज कर जांच जारी है।”

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश