कौशांबी पटाखा फैक्टरी विस्फोट मामले में फरार आरोपी शकील मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगी

Ads

कौशांबी पटाखा फैक्टरी विस्फोट मामले में फरार आरोपी शकील मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगी

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 12:30 AM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 12:30 AM IST

कौशांबी (उप्र) चार सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के मामले में अब तक फरार रहे एकमात्र आरोपी शकील की गिरफ्तारी पर घोषित इनाम शुक्रवार को बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया और रात को उसे एक मुठभेड़ में गिरफ्तार भी कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मंझनपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जनेश्वर प्रसाद पांडेय ने बताया कि शुक्रवार रात्रि लगभग नौ बजे मंझनपुर थाना पुलिस एवं विशेष अभियान समूह (एसओजी) की संयुक्त टीम ने सूचना मिलने पर चेकिंग के दौरान इनामी वांछित आरोपी शकील की घेराबंदी की।

उन्‍होंने कहा कि तभी सामने से मोटरसाइकिल पर आता हुआ एक व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसको रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने अपने आप को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

सीओ ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम शकील निवासी ग्राम मोहम्मदपुर थाना पिपरी जनपद कौशांबी बताया है। उसके कब्जे से एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस तथा एक बाइक बरामद की गई है।

उन्होंने बताया कि शकील को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इससे पहले, कौशांबी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सत्यनारायण प्रजापत ने दिन में कहा था, ‘‘प्रयागराज रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय मिश्रा ने फरार चल रहे आरोपी शकील की गिरफ्तारी पर इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है।’’

पुलिस के अनुसार 31 अगस्त को मंझनपुर क्षेत्र के मनौरी कस्बे में एक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट हुआ था, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में उपचार चल रहा है।

इस मामले में फैक्टरी के मालिक एवं संचालक नौशाद समेत छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नौशाद, उसकी पत्नी कहकशां बानो, बेटे आदिल तथा शकील की पत्नी शबाना और बेटी सायना को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि शकील अब भी फरार है।

शबाना और सायना को विस्फोट वाले दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था। नौशाद को एक सितंबर को चरवा थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी।

एसपी ने बताया कि आदिल को तीन सितंबर को हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी। कहकशां बानो को भी उसी दिन उसके गांव महमूदपुर से गिरफ्तार किया गया।

विस्फोट के बाद प्रशासन ने बुलडोजर से महमूदपुर में नौशाद के तीन मंजिला मकान और उसकी पटाखा फैक्टरी के एक गोदाम को ध्वस्त कर दिया था। पुलिस के अनुसार, मूरतगंज बाजार स्थित उसका एक अन्य गोदाम भी गिरा दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट कांड में जिला प्रशासन ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी नौशाद के भाई और 50 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी शकील का मकान भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।

पुलिस ने इससे पहले आदिल, कहकशां बानो और शकील की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस ने बताया कि आदिल और कहकशां बानो की गिरफ्तारी के बाद प्राथमिकी में नामजद छह आरोपियों में से अब केवल शकील ही फरार है, जिसे शुक्रवार रात को गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा सं जफर आनन्‍द रंजन

रंजन