महाराष्ट्र : राकांपा उम्मीदवार राजेंद्र जैन ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया

Ads

महाराष्ट्र : राकांपा उम्मीदवार राजेंद्र जैन ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 01:12 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 01:12 PM IST

मुंबई, आठ जून (भाषा) महाराष्ट्र विधान परिषद के पूर्व सदस्य राजेंद्र जैन ने 18 जून को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

यह उपचुनाव राज्यसभा सदस्य के रूप में सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई सीट को भरने के लिए होना है। सुनेत्रा को उनके पति और राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का पुणे के बारामती में जनवरी में विमान दुर्घटना में निधन होने के बाद उपमुख्यमंत्री बनाया गया।

जैन ने राज्यसभा सदस्य प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार, महाराष्ट्र राकांपा अध्यक्ष एवं लोकसभा सदस्य सुनील तटकरे तथा राज्य के मंत्री छगन भुजबल सहित कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में नामांकन दाखिल किया।

इस दौरान महायुति गठबंधन के मंत्री आशीष शेलार (भाजपा) और भरत गोगावले (शिवसेना) तथा कई अन्य राकांपा विधायक भी मौजूद थे।

अधिकारियों के अनुसार, सोमवार नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है।

राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए जैन का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है, क्योंकि महायुति गठबंधन—जिसमें भाजपा, राकांपा और एकनाथ शिंदे की शिवसेना शामिल हैं—विधानसभा में स्पष्ट बहुमत रखता है। राकांपा अध्यक्ष सुनील तटकरे ने रविवार को जैन की उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए कहा था कि पार्टी नेतृत्व के परामर्श के बाद सर्वसम्मति से उनका चयन किया गया है।

तटकरे ने कहा कि जैन के पास विधायी और संगठनात्मक कार्य का व्यापक अनुभव है, और उन्होंने भंडारा-गोंदिया स्थानीय प्राधिकरण क्षेत्र से 12 वर्षों तक विधान परिषद में प्रतिनिधित्व किया है।

कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ नेता छगन भुजबल को लेकर संभावित दावेदारी की चर्चाओं के बीच तटकरे ने कहा कि पार्टी भुजबल के नेतृत्व और मार्गदर्शन में कार्य करती रहेगी।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव