बर्मिंघम (इंग्लैंड), 10 सितंबर (एपी) इंग्लैंड की टीम बृहस्पतिवार को एजबेस्टन टेस्ट के दूसरे दिन चाय के समय अपनी पहली पारी में 453 रन पर ऑल आउट हो गई जिससे उसने पाकिस्तान के खिलाफ 320 रन की बढ़त बना ली।
तीन टेस्ट मैच की सीरीज में पाकिस्तान अब तक 200 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाया है और चाय के बाद उसके पास एक और मौका होगा। पाकिस्तान ने बुधवार को अपनी पहली पारी में 133 रन बनाए थे।
लंच के बाद जेमी स्मिथ और ओली रॉबिन्सन ने अर्धशतक लगाए जबकि जोफ्रा आर्चर 32 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड ने इस सत्र में 25 ओवरों में 154 रन बनाकर पाकिस्तान पर लगातार दबाव बनाए रखा।
अंगूठे पर ‘स्प्लिंट’ लगाकर खेल रहे स्मिथ ने 84 गेंद में 69 रन बनाए। उन्हें पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज रजाउल्लाह ने अपनी ही गेंद पर लपका।
रॉबिन्सन ने सात चौके और एक छक्के की मदद से 47 गेंद में 50 रन बनाए। यह उनका टेस्ट क्रिकेट में दूसरा अर्धशतक था।
इंग्लैंड के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने 116 रन जोड़े और 15 चौके लगाए।
पाकिस्तान के लिए रजाउल्लाह सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने चार विकेट लिए। हालांकि वह सबसे महंगे गेंदबाज भी साबित हुए।
मोहम्मद अली और पदार्पण कर रहे मोहम्मद इमरान ने दो-दो विकेट हासिल किए।
एपी
नमिता सुधीर
सुधीर